ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में भी चौतरफा दबाव

ग्लोबल मार्केट से आज बड़ी कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। पिछले कारोबारी सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट के तीनों सूचकांक 1 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुए। इसी तरह यूरोपीय बाजार में भी 1.59 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। एशियाई बाजार में भी आज चौतरफा दबाव बना नजर आ रहा है।

अमेरिका में बैंकों की रेटिंग घटाई जाने की आशंका की वजह से पिछले सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट में लगातार दबाव नजर आया। इसके साथ ही चीन के कमजोर आर्थिक आंकड़ों की वजह से भी वॉल स्ट्रीट के तीनों सूचकांकों पर नकारात्मक असर पड़ा। डाउ जॉन्स 361.24 अंक यानी 1.02 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 34,946.39 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एसएंडपी 500 इंडेक्स ने 1.16 प्रतिशत टूट कर 4,437.86 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 157.28 अंक यानी 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 13,631.05 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

यूरोपीय बाजार भी पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव में कारोबार करता रहा। एफटीएसई इंडेक्स 117.51 अंक यानी 1.59 प्रतिशत कमजोर होकर 7,389.64 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 1.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,267.70 के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 136.97 अंक यानी 0.87 प्रतिशत टूट कर 15,767.28 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों में भी आज लगातार बिकवाली का दबाव बना हुआ है। एशिया के सभी 9 बाजारों के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 0.40 प्रतिशत कमजोर होकर 19,396.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स अभी तक के कारोबार में 0.53 प्रतिशत टूट कर 3,215.51 अंक के स्तर तक गिर गया है। निक्केई इंडेक्स भी 383.87 अंक यानी 1.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 31,855.02 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है।

हैंग सेंग इंडेक्स 257.89 अंक यानी 1.41 प्रतिशत लुढ़क कर 18,323.22 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जबकि कोस्पी इंडेक्स 1.53 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,531.57 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है। इसके अलावा ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,401.58 अंक के स्तर पर, सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.72 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,509.84 अंक के स्तर पर, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.42 प्रतिशत गिर कर 6,885.89 के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.25 प्रतिशत टूट कर 3,168.32 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *