ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

किसान हित हमारी प्राथमिकता: तोमर

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने मंगलवार को कहा कि किसान हित मोदी सरकार की प्राथमिकता है। हम लगातार किसान हित में काम कर रहे हैं और इसका लाभ किसानों को मिल रहा है।

तोमर ने मंगलवार को अपने दिल्ली स्थित आवास पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए सैकड़ों किसानों को संबोधित किया। तोमर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में किसानों सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित करना प्रधानमंत्री मोदी के व्यापक दृष्टिकोण का परिचायक है। कृषि क्षेत्र हमारे देश में महत्वपूर्ण है, जिसमें निरंतर प्रगति हो रही है, उत्पादन बेतहाशा बढ़ा है व भारत अग्रणी है, उसमें किसानों-वैज्ञानिकों का प्रमुख योगदान है। इनके कड़े परिश्रम से हमारा देश आज दुनिया को आपूर्ति करने वाला बन गया है।

उन्होंने कहा कि किसानों के हितों के लिए प्रधानमंत्री सदैव चिंतित रहते हैं, इसीलिए कृषि बजट लगभग 5 गुना बढ़ाया गया है। किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी महत्वाकांक्षी योजना मोदी ने प्रारंभ की, जिसमें अभी तक 2.60 लाख करोड़ रुपये करोड़ों किसानों के खातों में जमा कराए जा चुके हैं। ये राशि बिना बिचौलियों के सीधे किसानों को मिलती है। इसी तरह प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सुरक्षा कवच के रूप में है, जिसमें अभी तक किसानों द्वारा 29 हजार करोड़ रुपये प्रीमियम जमा कराई गई, जबकि नुकसान वाले किसानों को 1.40 लाख करोड़ रुपये क्लेम दिया जा चुका है। देश के सभी किसानों को इस योजना से जोड़ने का प्रयत्न किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लाल किले में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल देशभर के सैकड़ों किसानों का नरेन्द्र सिंह तोमर ने अपने दिल्ली आवास पर स्वागत किया, इनके सम्मान में भोज का भी आयोजन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *