ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

डुमरी में बज गई उपचुनाव की डुगडुगी, झामुमो ने बेबी देवी पर लगाया दांव, 17 अगस्त को करेंगी नामांकन

जगरनाथ महतो के निधन से खाली डुमरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए पांच सितंबर को मतदान होना है। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंत्री बेबी देवी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) उम्मीदवार के रूप में 17 अगस्त को नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। नामांकन के समय ‘इंडिया’ की पूरी ताकत डुमरी में दिखे, इसकी तैयारी की जा रही है।

झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि डुमरी में कोई लड़ाई ही नहीं है, क्योंकि वह टाइगर जगरनाथ महतो की कर्मभूमि है। झामुमो की जीत में कोई किंतु-परंतु नहीं है। जब आजसू और भाजपा ने मिलकर चुनाव लड़ा, तब भी झामुमो ने उन्हें हराया है। डुमरी झामुमो की परंपरागत सीट है।

पांडेय ने कहा यह दिवंगत नेता जगरनाथ महतो की संघर्ष की भूमि है। उन्होंने डुमरी में झारखंड यात्रा और 1932 खतियान की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने दावा किया कि 75,000 पारा शिक्षकों की दुआ भी उम्मीदवार के साथ होगी। शिक्षा मंत्री के रूप में बेबी देवी ने पारा शिक्षकों के लिए अद्वितीय काम किया है।

मनोज ने कहा कि डुमरी उपचुनाव में एनडीए के भाजपा और आजसू को न सिर्फ इंडिया की मजबूत ताकत का सामना करना पड़ेगा। बल्कि एक लोकप्रिय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की लोकप्रियता से भी उनका सामना होगा। 17 अगस्त को राज्य की मद्य निषेध मंत्री बेबी देवी नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, राज्य के संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम, रादज नेता और मंत्री सत्यानंद भोक्ता सहित सभी सहयोगी दलों के नेता उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *