ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अपने पहले अंतर्राष्ट्रीय पर्वतारोहण अभियान को लेकर उत्साहित दिखे पर्वतारोही अभिनीत

जनपद के एकमात्र पर्वतारोही अभिनीत मौर्या को आज जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट में सम्मानित किया गया। पर्वतारोही अभी 10 अगस्त को रूस स्थित यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउण्ट एलब्रुस पर चढ़ाई प्रारंभ करेंगे। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अभिनीत चोटी पर तिरंगा फहरायेंगे। इसके पूर्व अभिनीत पर्वतारोहण के क्षेत्र में विभिन्न कीर्तिमान स्थापित कर जनपद, प्रदेश और देश को गौरवान्वित कर चुके हैं। वे पूर्व में द्रास की सबसे ऊँची चोटी माउण्ट मचोई, कश्मीर के अनंतनाग जनपद स्थित टेबल टॉप, उत्तराखंड की केदारकंठा व तपोवन ट्रैक पर चढ़ाई कर चुके हैं। केदारकंठा पर चढ़ाई करने के मामले में उनका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी दर्ज है। माउण्ट एलब्रुस की उनकी आगामी यात्रा को लेकर जिलाधिकारी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्वतारोही अभिनीत जनपद का गौरव हैं। जिलाधिकारी ने उम्मीद जतायी कि आगे भी अभिनीत इसी प्रकार जनपद को गौरवान्वित करते रहेंगे।

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद एवं जनपद की उप क्रीड़ाधिकारी मंजू शर्मा ने अभिनीत और उनके पिता चन्द्रपाल मौर्या का माला पहनाकर स्वागत किया। जिलाधिकारी ने पर्वतारोही अभिनीत के साथ तिरंगा फहराया। इस मौके पर अभिजीत के पिता चन्द्रपाल मौर्या काफी भावुक नजर आये। बेटे के साथ जिलाधिकारी के हाथों स्वयं के सम्मानित होने पर उनकी आंखों में खुशी के आँसू छलक आये। उन्होंने भरे हुए गले से कहा कि उनके बेटे ने परिवार, जनपद और देश को गौरवान्वित किया है।

पर्वतारोही अभिनीत ने कहा कि अपनी पहले अंतरराष्ट्रीय अभियान के दौरान वे 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यूरोप की सबसे ऊँची चोटी पर पर तिरंगा फहरायेंगे। यह वास्तव में उनके लिए एक गौरवपूर्ण क्षण होगा। जिलाधिकारी ने उन्हें सदैव प्रोत्साहित करने का कार्य किया है। इस अवसर पर उनके बड़े भाई नागेश्वर, अध्यापक अभय सिंह व जेके सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गिरधरपुर राहुल मौर्या, उनके दोस्त पवन मौर्या व वीर प्रताप आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *