न्यू जनरेशन टेक्नोलॉजी ऑटो सेंसर्स एवं फर्टिगेशन के प्रयोग के लिए दस हजार किसानों को मिलेगा अनुदान

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दस हजार किसानों को न्यू जनरेशन टेक्नोलॉजी ऑटो सेंसर्स एवं फर्टिगेशन के प्रयोग के लिए 75 प्रतिशत अनुदान दिए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। प्रस्ताव के अनुसार, किसानों को अपनी कृषि भूमि में पोषक तत्वों की विशिष्ट आवश्यकताओं के प्रबंधन एवं फलदार पौधों की जलमांग की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए उन्नत तकनीकों के प्रयोग के लिए लगभग 21 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा।

गहलोत के इस निर्णय से किसानों को अपनी भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने तथा बढ़ाने में सहायता मिलेगी। साथ ही, फलदार पौधों के लिए जलमांग की सटीक जानकारी मिलने से किसान उचित रूप से सिंचाई करके बेहतर पैदावार प्राप्त कर सकेंगे। इससे किसान तकनीकी रूप से सुदृढ़ हो सकेंगे तथा उनकी आय में भी वृद्धि होगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्ष 2023-24 के बजट में इस संबंध में घोषणा की थी। उक्त घोषणा की अनुपालना में यह स्वीकृति दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *