मप्र में 55 हजार युवाओं को नौकरी देने के लिए शिवराज सरकार को बधाईः कविता पाटीदार
भाजपा की प्रदेश महामंत्री एवं सांसद कविता पाटीदार ने कहा कि मध्य प्रदेश पिछले डेढ़ दशक में विकास के नये कीर्तिमान स्थापित कर बीमारू से विकसित राज्य की श्रेणी में आ गया है। इस महती उपलब्धि में प्रदेश में जन-भागीदारी से विकास के मॉडल ने अहम भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कुशल नेतृत्व में केन्द्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने मध्य प्रदेश को अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय बना दिया है। प्रदेश में अब तक 55 हजार भर्तियां की जा चुकी हैं। आगामी 15 अगस्त से पहले एक लाख भर्तियां पूरी करने का सरकार ने निर्णय लिया है। भाजपा की सरकार जो कहती है वह करके भी दिखाती है।
कविता पाटीदार ने शनिवार को जारी अपने बयान में कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी, कृषि, पर्यटन, जल-संवर्धन, सिंचाई, निवेश, रोजगार, स्व-रोजगार और अधो-संरचना विकास के साथ उन सभी पहलुओं पर सुविचारित एवं सर्वांगीण विकास की नवीन गाथा लिखी गई, जो जन-कल्याण के साथ विकास के लिए जरूरी है। पहले प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपये थी, जो अब बढ़ कर एक लाख 40 हजार रुपये हो गई है। मध्य प्रदेश की जीएसडीपी 71 हजार करोड़ रुपये से बढ़ कर 15 लाख करोड़ रुपये हो गई है। बिजली का उत्पादन 2900 मेगावॉट से बढ़ कर 28 हजार मेगावॉट हो गया है।
उन्होंने कहा कि आज मध्य प्रदेश सर्वश्रेष्ठ राज्यों की राह पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने पिछले दिनों एक लाख युवाओं को नौकरी देने की घोषणा की थी, जिसमें 55 हजार युवाओं को नौकरी दी जा चुकी है। आने वाले 15 अगस्त से पहले एक लाख युवाओं की विभिन्न विभागों में भर्तियां होंगी। इसकी प्रक्रिया चल रही है।
कविता पाटीदार ने कहा कि प्रदेश की शिवराज सरकार ने कहा था कि युवाओं को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाएंगे, वह वादा सरकार पूरा कर रही है। प्रदेश में 4 जुलाई से मुख्यमंत्री खीखो, कमाओ योजना शुरू होने वाली है। जिसके तहत युवाओं को जहां आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। वहीं उन्हें हर माह 8 से 10 हजार रुपये भी दिए जाएंगे। इस योजना में ट्रेनिंग के साथ स्टाइपेंड के रूप में सैलरी मिलेगी। जिससे वे प्रशिक्षण लेकर आगे रोजगार की मुख्यधारा से जुड़ सकें। इस योजना से एक लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य सरकार ने रखा है। प्रदेश के युवाओं के लिए यह एक क्रांतिकारी योजना साबित होने वाली है।




