• October 16, 2025

प्रदेश में सवा पांच करोड़ अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

 प्रदेश में सवा पांच करोड़ अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

राज्य में सवा पांच करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। प्रदेश की दो सौ विधानसभा सीटों के लिए आगामी 23 नवंबर 2023 को मतदान होगा तथा तीन दिसंबर को मतगणना होगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने सोमवार को शासन सचिवालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। गुप्ता ने बताया कि मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के अनुसार राज्य में कुल पांच करोड़ 27 लाख से अधिक मतदाता हैं। इसमें 2 करोड़, 75 लाख से अधिक पुरुष और 2 करोड़ 51 लाख से अधिक महिला मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि 1 लाख 41 हजार 898 सर्विस मतदाता भी हैं। प्रदेश में कुल 51 हजार 756 मतदान केंद्र हैं, जिनमें 10 हजार 415 शहरी तथा 41 हजार 341 ग्रामीण इलाकों में स्थित हैं। 18 से 19 वर्ष आयु के लगभग 22 लाख युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत अन्तिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची में 80 वर्ष से अधिक आयु के कुल 11.78 लाख मतदाता, 100 वर्ष से अधिक आयु के कुल 17241 मतदाता पंजीकृत हैं। इसी प्रकार से कुल 5.61 लाख विशेष योग्यजन मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में पंजीकृत इन मतदाताओं को निर्वाचन के समय होम वोटिंग के रूप में पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान की सुविधा का विकल्प प्रदान किया गया है।

उन्होंने बताया कि अंतिम प्रकाशन की तिथि को राज्य में कुल 606 ट्रांसजेंडर मतदाता एवं 77 हजार 343 पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूहों) मतदाता पंजीकृत है।

उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्रों के पुनर्गठन एवं सुव्यवस्थिकरण प्रक्रिया के उपरान्त राज्य में मतदान केन्द्रों की संख्या 51 हजार 187 से बढ़कर 51 हजार 756 हो गई है। वहीं जीर्ण-शीर्ण होने एवं सुविधाओं के अभाव वाले 427 मतदान केन्द्रों का भवन परिवर्तन किया गया।

गौरतलब है कि 2018 के आम विधानसभा चुनावों में प्रदेश में चार करोड़ 77 लाख 89 हजार मतदाता थे। इनमें दो करोड़ 49 लाख 61 हजार महिलाएं और दो करोड़ 28 लाख 27 हजार महिला मतदाता थे।

Digiqole Ad

Rama Niwash Pandey

https://ataltv.com/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *