बिहार और बंगाल को मिलने जा रहीं नई ट्रेनें एक माह में चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस भरेंगी रफ्तार
देश के कई राज्यों में वंदे भारत ट्रेनें रफ्तार भरते हुए नजर आ रही हैं। इनमें से अधिकांश ट्रेनें अपनी पूरी क्षमता के साथ चल रही हैं। इसी कड़ी में आने वाले महज एक माह में रेलवे देश के अलग-अलग राज्यों से 4 नई वंदे भारत ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। रेलवे मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, जून के आखिरी तक रेलवे कम से कम 4 नई वंदे भारत सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन लॉन्च करेगा। हाल ही में पीएम मोदी ने ओडिशा की पहली पुरी-हावड़ा के बीच वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी देकर रवाना किया। ओडिशा सरकार ने हावड़ा-पुरी मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन के बाद भुवनेश्वर-हैदराबाद, पुरी-रायपुर और पुरी-हावड़ा मार्गों पर अधिक सेमी-हाई-स्पीड ट्रेनें शुरू करने की मांग की है।
भारतीय रेलवे के सूत्रों का कहना है कि पुरी-हावड़ा के बाद वंदे भारत ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी से गुवाहाटी के बीच चलेगी। इसके साथ ही पूर्वोत्तर को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिल जाएगी। पूर्वोत्तर की वंदे भारत ट्रेन गुवाहाटी से शुरू होगी। फिर पटना और रांची के बीच भी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को चलाया जाएगा। साथ ही दिल्ली-देहरादून के बीच भी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने वाली है।
फिलहाल इस बात की जानकारी नहीं है कि दिल्ली से देहरादून के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन किन स्टेशनों पर रुकेगी। लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि मेरठ, मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार में इसका स्टॉप हो सकता है। लेकिन शेड्यूल अभी फाइनल नहीं हुआ है। इसके अलावा चौथी ट्रेन की तैयारी रेलवे पूरी कर ली है। लेकिन इसके रूट अभी तक तय नहीं किया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, ओडिशा में दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पुरी-भुवनेश्वर-कटक-आंगुल-राउरकेला मार्ग पर चल सकती है। इसके अलावा अगले साल जनवरी-फरवरी में पुरी-भुवनेश्वर-कटक में वंदे मेट्रो चलाने की योजना है। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध करेंगे कि ओडिशा को एक और वंदे भारत और वंदे मेट्रो दी जाए।
मंगलवार को मुंबई-गोवा मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस का परीक्षण परिचालन मंगलवार को शुरू हुआ। 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने में सक्षम वंदे भारत ट्रेन सुबह साढ़े पांच बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल (सीएसएमटी) से रवाना हुई और 12 बजकर 50 मिनट पर गोवा के मडगांव स्टेशन पहुंची। यही ट्रेन करीब सवा एक बजे मडगांव से चली। मुंबई और अहमदाबाद, शोलापुर एवं शिरडी के बीच तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलती हैं।





