यमुनानगर : चोरी कर भाग रहे बदमाशों ने पीछा करने पर की फायरिंग, दो घायल
चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे चोरों ने पीछा कर रहे लोगों पर मंगलवार अलसुबह फायरिंग कर दी। बदमाशों की फायरिंग में दो लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। चोर मौके पर बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कस्बा जठलाना की मल्लाह बस्ती में रहने वाले नौशाद ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि सोमवार रात को वह सो रहा था। तभी बस्ती के ही ताशिम और उसके साथी ने उसकी जेब से 10 हजार रुपये निकाल लिए। इसके अलावा अन्य व्यक्ति के ट्रैक्टर की दो बैटरियां और मोबाइल चुरा कर बाइक से रफूचक्कर हो गए। नौशाद और उसके साले असलम ने उनका पीछा कर गांव नाहरपुर के मंदिर के पास चोरों को घेर लिया और उन पर डंडे से हमला किया। जिस पर चोर बाइक से गिर पड़े और बाइक छोड़कर धान के खेत में भाग निकले। भागते समय चोरों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे नौशाद के हाथ की उंगली में गोली लगी, जबकि एक गोली उसके साले असलम के पेट में लगी। असलम को ट्रामा सेंटर यमुनानगर भेजा गया। असलम की गंभीर हालत को देखते हुए वहां से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
जठलाना पुलिस के जांच अधिकारी जसवंत सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह 4 बजे के करीब सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। चोरों की बाइक और चुराई गई बैटरियों को कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




