गर्मी हुई जानलेवा, चक्कर आने से गिरे युवक ने दम तोड़ा
फतेहाबाद में मानसून की बेरूखी के चलते पड़ रही भीषण गर्मी अब जानलेवा साबित होने लगी है। शहर के आजाद नगर क्षेत्र में मंगलवार को एक 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक को चक्कर आया और वह जमीन पर गिर गया। बाद में उसकी मौत हो गई। माना जा रहा है कि गर्मी के कारण ही युवक की हालत बिगड़ी थी।
युवक के शव को पोस्टमॉर्टम हेतु नागरिक अस्पताल लाया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों से पर्दा उठेगा। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में मृतक के परिजनों के बयान पर धारा 174 के तहत इत्तफाकिया कार्यवाही की है। मिली जानकारी के अनुसार शहर के आजाद नगर क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय संदीप नामक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे चक्कर आ गए, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इस पर परिजन उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आए लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
माना जा रहा है कि गर्मी के कारण युवक को चक्कर आ गए और उसकी मौत हुई है। बता दें कि कई दिनों से फतेहाबाद शहर में भयंकर उमस भरा माहौल बना हुआ है। बरसात न होने और नमी बनी होने के कारण शहर के बाजार सुनसान पड़े हैं। गर्मी में सबसे बुरा हाल दो दिन से स्कूल जा रहे बच्चों का है।




