• December 27, 2025

खेतों में गिर रही धान फसल, किसान फसल सहेजने में जुटे

 खेतों में गिर रही धान फसल, किसान फसल सहेजने में जुटे

बेमौसम वर्षा का जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है रबी फसल के रूप में तैयार हो रही धान फसल को इससे लगातार नुकसान हो रहा है। खेतों में धान फसल गिर रही है। रबी फसल के रूप में लगाई गई धान फसल तेजी से पक रही है। कुछ दिनों के भीतर धान की कटाई भी शुरू होने की संभावना है। फसल कटाई के समय बेमौसम वर्षा, अंधड़, गरज चमक होने से फसल को नुकसान पहुंच रहा है। कई खेतों में धान की बालियां गिर गई है, जिसे किसान सहेजने में जुटे हुए हैं।

बीते तीन दिनों से मौसम में बदलाव का क्रम जारी है। रात के समय वर्षा और दिन में आसमान में काले बादल छाए रहने से वातावरण में ठंडकता गई है। वहीं दूसरी ओर बदले में मौसम का असर धान की तैयार हो रही फसल पर पड़ा है। खेतों में धान की फसल गिर रही है, जिससे किसानों को नुकसान की चिंता सता रही है। ग्राम कुकरेल के किसान मंटुराम साहू का कहना है कि बेमौसम वर्षा और आंधी तूफान से खेतों में फसल गिर गई है, जिसे सहजने में जुटे हुए हैं। किसान चैतूराम वर्मा ने बताया कि फसल कटाई के समय मौसम में इस तरह का बदलाव होना काफी नुकसानदेह साबित होता है। कुछ साल पहले भी इसी तरह की स्थिति बनी थी तब उन्हें प्रति एकड़ पांच से छह हजार तक का नुकसान हुआ था।

धान का रंग बदलाव होने से कई खरीददार धान खरीदने से बचते हैं। धान के रंग में कालापन आने से इसकी कीमत कम हो जाती है। धान फसल को यदि पर्याप्त धूप ना मिले तो धान की फसल खराब भी हो सकती है। मौसम साफ होने पर ही फसल पूरी तरह बच पाएगी। किसान अवध रामदेवांगन, भटगांव के मोहन देवांगन ने कहा कि रबी फसल में कीट व्याधियां कम लगती है ऐसा सोचकर धान की फसल ले रहे हैं, लेकिन इस साल में बेमौसम वर्षा होने से धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। खेतों में धान गिरने से उत्पादन पर भी असर पड़ेगा।

उल्लेखनीय है कि धमतरी जिले के चारों ब्लाक में रबी फसल के रूप में किसानों ने धान की बुवाई की है। कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार धमतरी जिले में 40 हजार हेक्टेयर में धान की बुवाई की गई है। मौसम में बदलाव से धान की फसल को नुकसान पहुंच रहा है। कृषि उपसंचालक मोनेश कुमार साहू ने कहा कि लगातार धान फसल गिरने की शिकायत मिल रही है। इस संबंध में शासन को अवगत कराया गया है। हर संभव शासन से मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *