पुडुचेरी में NDA बरकरार: BJP ने एन. रंगास्वामी को मनाया, NR कांग्रेस ही करेगी नेतृत्व
पुडुचेरी की राजनीति में जारी अटकलों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने एनडीए गठबंधन को टूटने से बचा लिया है। अब लगभग साफ हो गया है कि अखिल भारतीय एन.आर. कांग्रेस ही पुडुचेरी में एनडीए का नेतृत्व करती रहेगी। गुरुवार शाम तक ऐसी चर्चाएं थीं कि मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी एनडीए से अलग होकर अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के साथ जा सकते हैं, लेकिन अब इन अटकलों पर विराम लग गया है।
BJP ने कैसे साधा मामला?
सूत्रों के अनुसार, BJP ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री और चुनाव प्रभारी मनसुख मांडविया को तत्काल विशेष विमान से पुडुचेरी भेजा। उनकी रंगास्वामी से मुलाकात के बाद स्थिति बदलती नजर आई। बताया जा रहा है कि मांडविया की बातचीत सफल रही और रंगास्वामी गठबंधन में बने रहने को तैयार हो गए।
एन.आर. कांग्रेस के प्रमुख और मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। यह भी खबर है कि वह इस बार दो सीटों से चुनाव लड़ सकते हैं।
कांग्रेस-DMK गठबंधन में उलझन
दूसरी ओर, पुडुचेरी में कांग्रेस और DMK के बीच गठबंधन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। हर बार की तरह इस बार भी कांग्रेस सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस (SPA) का नेतृत्व करना चाहती है, लेकिन DMK ने तमिलनाडु की तर्ज पर पुडुचेरी में भी नेतृत्व की मांग रखी है, जिससे दोनों दलों के बीच मतभेद सामने आए हैं।
स्टालिन ले सकते हैं बड़ा फैसला
नामांकन की अंतिम तिथि सोमवार होने के चलते राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। DMK सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन जल्द ही पुडुचेरी का दौरा कर गठबंधन को लेकर अहम फैसला ले सकते हैं।
15 साल पुरानी है NR कांग्रेस
गौरतलब है कि अखिल भारतीय एन.आर. कांग्रेस की स्थापना 7 फरवरी 2011 को एन. रंगास्वामी ने कांग्रेस से अलग होकर की थी। वर्तमान में वही पुडुचेरी के मुख्यमंत्री हैं और उनकी पार्टी राज्य की राजनीति में अहम भूमिका निभा रही है।