• March 7, 2026

ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए करें प्रेरित : आनंदीबेन पटेल

 ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए करें प्रेरित : आनंदीबेन पटेल

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को राजभवन में प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैय्या) विश्वविद्यालय, प्रयागराज के नैक हेतु प्रस्तुतीकरण की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान राज्यपाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विश्वविद्यालय की गतिविधियों के दौरान वहाँ के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने गोद लिए गाँवों के बच्चों को दीक्षांत समारोह में बुलाने का निर्देश भी दिया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रसिद्ध कार्यक्रम ‘मन की बात‘ से प्रेरित होकर विश्वविद्यालय में प्रारम्भ की गई गतिविधि में प्रेरक कार्यक्रम के फोटो और एपिसोड संख्या का उल्लेख प्रस्तुतीकरण में जोड़ने को कहा। उन्होंने विश्वविद्यालय की नैक कमेटी के प्रत्येक सदस्य को प्रभावी प्रस्तुतीकरण देने की क्षमता विकसित करने के निर्देश दिये, जिससे किसी भी अपरिहार्य परिस्थिति में पियर टीम के आगमन पर विश्वविद्यालय का प्रस्तुतीकरण प्रभावित न हो।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने राज्यपाल को अवगत कराया कि वर्ष 2016 में स्थापित इस विश्वविद्यालय ने वर्ष 2021 में अपने पांच वर्ष पूर्ण करके नैक ग्रेडिंग हेतु अर्हता प्राप्त कर ली है, जिसके क्रम में विश्वविद्यालय द्वारा वर्ष 2023 में अपना मूल्यांकन हेतु सेल्फ स्टडी रिपोर्ट दाखिल करने की तैयारी की गई है।

राज्यपाल ने कहा कि मूल्यांकन हेतु पियर टीम के अवलोकन के समय प्रस्तुतीकरण में किसी भी कमेटी सदस्य को भ्रम की स्थिति न हो, जिस बिंदु पर प्रस्तुतीकरण दिया जा रहा हो उसके सभी विवरण, गतिविधि के प्रमाण-पत्र और सम्बन्धित फोटोग्राॅफ ही हाइपर लिंक से सम्बद्ध रखे जाएं। उन्होंने प्रस्तुतीकरण में विविधता और गतिविधि दर्शाने वाले फोटोग्राॅफ एवं विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में की गई गतिविधियों की वीडियो प्रस्तुतियाें को हाइपर लिंक में सम्बद्ध करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने प्रस्तुतीकरण में व्यापक सुधार किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

राज्यपाल ने टीम के सभी सदस्यों को बैठक में प्राप्त सुझावों के साथ प्रस्तुतीकरण को सुदृढ़ करने, पुनरावलोकन कर समग्रता से सशक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया और बेहतर तैयारी के उपरान्त नैक के उच्चतम ग्रेड प्राप्त करने की सामर्थ्य से युक्त एस.एस.आर. दाखिल करने को कहा। बैठक में अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, विशेष कार्याधिकारी शिक्षा पंकज जॉनी, विश्वविद्यालय द्वारा नैक तैयारी हेतु गठित टीम के सभी सदस्य तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *