• January 2, 2026

लोस चुनाव : छठे चरण में उप्र की 14 सीटों पर 25 को मतदान, इन दिग्गज उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर

 लोस चुनाव : छठे चरण में उप्र की 14 सीटों पर 25 को मतदान, इन दिग्गज उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर

उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर शनिवार को पोलिंग होगी। छठे चरण की 14 सीटों में सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीरनगर, लालगंज (सु0), आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर (सु0) और भदोही शामिल है। छठे चरण की 14 सीटों पर कुल 162 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिसमें 146 पुरुष व 16 महिला प्रत्याशी हैं। वहीं, गैंसड़ी विधानसभा की रिक्त सीट के लिए भी मतदान शनिवार को होगा। छठे चरण की 14 सीटों पर 2.7 करोड़ से ज्यादा मतदाता हैं। कई सीटों पर कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।

इस चरण की 14 सीटों में से 12 सीटें सामान्य श्रेणी की है और 2 सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। 2019 के चुनाव नतीजों पर नजर डालें तो इस चरण की 9 सीटों पर भाजपा 4 पर बसपा और 1 पर सपा जीती थी। हालांकि, उपचुनाव में सपा को आजमगढ़ सीट गंवानी पड़ गई थी।

छठे चरण में मुख्य रूप से सुल्तानपुर से भाजपा की वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, आजमगढ़ से भाजपा के दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ और सपा के धर्मेन्द्र यादव, श्रावस्ती से भाजपा के साकेत मिश्र, डुमरियागंज से भाजपा के जगदम्बिका पाल, इलाहाबाद से भाजपा के नीरज त्रिपाठी और कांग्रेस के उज्ज्वल रमण सिंह और जौनपुर से भाजपा की टिकट पर कृपाशंकर सिंह मैदान में हैं।

भाजपा ने 08 सीटों पर प्रत्याशी रिपीट किये हैं। 6 सीटों भदोही, श्रावस्ती, अम्बेडकरनगर, इलाहाबाद, फूलपुर और जौनपुर में नए चेहरे मैदान में उतारे हैं।

बीती 20 मई को प्रदेश में पांचवें चरण में वोटिंग प्रतिशत 57.98 फीसदी रहा। एनडीए, इंडिया ब्लॉक और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा अपने उम्मीदवार मैदान में उतारने से त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। भाजपा इस चरण में क्लीन स्वीप के साथ 09 सीटों पर जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगी।

लोस चुनाव छठे चरण से जुड़ी अहम जानकारियां

इस चरण में जिन सीटों पर चुनाव होगा, उनमें 2019 में अम्बेडकरनगर, लालगंज (सु0), जौनपुर, श्रावस्ती और आजमगढ़ छोड़कर बाकी सीटें भाजपा ने जीती थी। हालांकि, उपचुनाव में सपा को आजमगढ़ सीट भाजपा के हाथों गंवानी पड़ गई थी।

सुल्तानपुर

सुल्तनपुर सीट पर भाजपा की मेनका संजय गांधी, सपा से रामभुआल निषाद और बसपा से उदराज वर्मा प्रत्याशी हैं। इस सीट भाजपा हैट्रिक लगाना चाहेगी।

प्रतापगढ़

प्रतापगढ़ में भाजपा ने संगम लाल गुप्ता को दूसरे बार मैदान में उतारा है। वहीं, बसपा ने प्रथमेश मिश्रा ‘सेनानी’ और सपा ने शिवपाल सिंह पटेल को उम्मीदवार बनाया है।

फूलपुर

फूलपुर से भाजपा ने मौजूदा सांसद केशरी देवी का टिकट काटकर प्रवीण पटेल को चुनावी अखाड़े में उतारा है। उनका मुकाबला सपा के अमर नाथ सिंह मौर्य और बसपा के जगन्नाथ पाल से है।

इलाहाबाद

इलाहाबाद संसदीय सीट से भाजपा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी के बेटे नीरज त्रिपाठी को मैदान में उतारा है। नीरज के कंधों पर जीत की हैट्रिक लगाने की जिम्मेदारी है। उनका मुकाबला कांग्रेस के उज्ज्वल रमण सिंह से है। वहीं बसपा ने रमेश कुमार पटेल को मैदान में उतारा है।

अंबेडकरनगर

अम्बेडकर नगर सीट पर भाजपा ने नये चेहरे रितेश पाण्डेय पर दांव लगाया है। मौजूदा सांसद रितेश ने पिछला चुनाव बसपा की टिकट पर जीता था। अब वो भाजपा में शामिल हो गए हैं। बसपा ने कमर हयात और सपा ने पूर्व मंत्री लालजी वर्मा को टिकट दिया है।

श्रावस्ती

श्रावस्ती सीट पर भाजपा ने नए चेहरे एमएलसी साकेत मिश्र पर दांव लगाया है। बसपा ने मुईनुद्दीन अहमद खां उर्फ हाजी दद्दन खां और सपा ने मौजूदा सांसद राम शिरोमणि वर्मा को मैदान में उतारा है। राम शिरोमणि ने पिछला चुनाव बसपा की टिकट पर जीता था।

डुमरियागंज

डुमरियागंज से भाजपा ने मौजूद सांसद जगदम्बिका पाल को मैदान में उतारा है। बसपा मुहम्मद नदीम और सपा से भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी मैदान में है। यहां मुकाबला भाजपा ओर सपा के बीच है। इस सीट पर भाजपा जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगी।

बस्ती

बस्ती से भाजपा ने मौजूदा सांसद हरीश द्विवेदी का तीसरी बार मैदान में उतारा है। सपा से राम प्रसाद चौधरी और बसपा से लवकुश पटेल मैदान में हैं। पिछले दो चुनाव हरीश द्विवेदी ने जीते हैं।

संत कबीर नगर

संत कबीर नगर में भाजपा ने मौजूदा सांसद प्रवीन कुमार निषाद को मैदान में उतारा हे। बसपा से नदीम अशरफ और सपा से लक्ष्मीकांत पप्पू निषाद मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। इस सीट पर भाजपा जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगी।

लालगंज (सु0)

लालगंज (सु0) लोकसभा सीट से भाजपा की नीलम सोनकर मैदान में हैं। उन्हें चुनौती देने के लिए बसपा से इन्दु चौधरी और सपा से दरोगा प्रसाद सरोज चुनावी समर में उतरे हैं।

आजमगढ़

आजमगढ़ सीट के लिए भाजपा ने मौजूदा स्टार दिनेश लाल यादव ‘‘निरहुआ’’ को मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला बसपा के मशहूद सबीहा अन्सारी और सपा से धर्मेन्द्र यादव मैदान में है। इस सीट पर भाजपा और सपा के बीच सीधा मुकाबला है।

जौनपुर

जौनपुर लोकसभा सीट से भाजपा से कृपाशंकर सिंह, सपा से पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा और बसपा से मौजूदा सांसद श्याम सिंह यादव चुनावी अखाड़े में हैं। यहां मुकाबला त्रिकोणीय है।

मछलीशहर (सु0)

मछलीशहर (सु0) सीट से भाजपा ने मौजूदा सांसद भोलानाथ (बी0पी0 सरोज) मैदान में हैं। सपा से सुप्रीम कोर्ट की वकील प्रिया सरोज और बसपा से कृपा शंकर सरोज ताल ठोंक रहे हैं। इस सीट पर भाजपा जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगी।

भदोही

भदोही सीट से भाजपा ने नए चेहरे डा. विनोद कुमार बिन्द को मैदान में उतारा है। बसपा से हरिशंकर और ऑल इण्डिया तृणमूल कांग्रेस से ललितेशपति त्रिपाठी मैदान में है। इंडिया ब्लाक में सपा ने ये सीट तृणमूल कांग्रेस को दी है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *