असम के छह जिलों में बाढ़ का असर
असम में बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार होने के बाद राज्य के छह जिले प्रभावित है। बाढ़ के चलते कई स्थानों पर नदियों के तटबंध टूटने से सड़कों को काफी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय प्रशासन स्थिति को सामान्य करने की कोशिश में जुटा है।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक राज्य के 6 जिलों के एक हजार 539 से अधिक नागरिक बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। हालांकि, राज्य में सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। बाढ़ के चलते कई नदियों के तटबंध टूट गए और सड़कों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ाें के अनुसार बाढ़ प्रभावित छह जिलों में बजाली, धेमाजी, गोलाघाट, जोरहाट, कामरूप (ग्रामीण) और कोकराझार शामिल हैं। बाढ़ से 9 राजस्व सर्किल अंतर्गत 100 गांवों के एक हजार 539 लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से कुल 569.90 हेक्टेयर फसल अभी भी प्रभावित है।
बाढ़ प्रभावितों के लिए नॉर्थ गुवाहाटी में एक और कोकराझार में एक राहत शिविर स्थापित किये गये हैं। राहत शिविरों में कुल 121 लोग आश्रय लिये हुए हैं। बाढ़ से राज्य के कुल 4 हजार 882 पशुधन प्रभावित हुआ है। इनमें बड़े पशुओं की कुल संख्या 4 हजार 642 और छोटे पशुओं की 185 है, जबकि 55 कुक्कुट भी प्रभावित हुए हैं।
प्रशासन के अनुसार बाढ़ प्रभावितों के बीच खाद्य सामग्रियों का वितरण किया गया। इनमें 2.34 क्विंटल चावल, 0.23 क्विंटल दाल, 0.07 क्विंटल नमक, 6.78 लीटर सरसों का तेल शामिल हैं। राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में सभी तरह के आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।




