उपायुक्त ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत चलाया अभियान

रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत रविवार को स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उपायुक्त सहित अन्य विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से श्रम दान किया।
मौके पर मुख्य रूप से समाहरणालय परिसर को पांच जोन में बांटा गया था। विभागीय पदाधिकारियों की ओर से संबंधित जोन में सफाई कार्य किया गया। मीडिया को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आज जिले के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी विभिन्न स्थानों पर श्रमदान किये। इसका मुख्य उद्देश्य अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना है। उपयुक्त ने आमजनों से भी स्वच्छता के प्रति श्रमदान करने की अपील की ताकि राजधानी रांची के वातावरण को दूषित होने से बचाया जा सके।
श्रमदान के लिए देश भर में स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत की गई है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक वर्ष दो अक्टूबर को स्वच्छता- एक जन आंदोलन का रूप देने के लिए स्वच्छ भारत दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी जयंती के दिन श्रद्धांजलि है। स्वच्छ भारत दिवस 2023 की प्रस्तावना के रूप में वार्षिक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा अभियान स्वच्छ भारत मिशन शहरी एवं ग्रामीण द्वारा संयुक्त रूप से 15 से दो अक्टूबर तक आयोजित कराया जा रहा है। स्वच्छता ही सेवा 2023 अभियान का मुख्य विषय कचरा मुक्त भारत है, जिसका मुख्य उद्देश्य साफ-सफाई और सफाई मित्रों के कल्याण पर आधारित है।
