• December 26, 2025

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के आंसू पर कांग्रेस का तंज, बताया घड़ियाली आंसू

 प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के आंसू पर कांग्रेस का तंज, बताया घड़ियाली आंसू

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के एक जनसभा में फूट-फूट कर रोने और जनता से भावुक अपील पर कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि वो घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। वहीं भाजपा ने कहा है कि यह आंसू जनता के लिए हैं।

प्रदेश में 19 अप्रैल को मतदान है। भाजपा कांग्रेस दोनों दलों के नेता अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट जोशीमठ में आयोजित एक जनसभा में मंगलवार को अपने भाषण के दौरान पार्टी उम्मीदवार अनिल बलूनी के लिए समर्थन में अपील करते हुए रोने लगे। इस दौरान मंच पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और गढ़वाल उम्मीदवार गणेश गोदियाल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की भावुकता वाली अपील पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि महेंद्र भट्ट घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं, लेकिन इनकी आंखों में तब आंसू नहीं आये जब जोशीमठ में लोग बेघर हो रहे थे और रो रहे थे। तब वो हमारे लोगों को माओवादी बता रहे थे। आज हार के डर से वो आंसू बहा रहे हैं।

वहीं धर्मपुर भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कहा कि जब कोई नेता अपनी जनता के साथ दिल से जुड़ा होता है तब कई बार भावुक भी हो जाता है। महेन्द्र भट्ट पार्टी के जमीनी नेता हैं और वो बचपन से पार्टी जुड़े हुए हैं। जिस सभा को संबोधित करते हुए वह भावुक हुए हैं वह उनका क्षेत्र है। इसलिए वो भावुक हो कर अपनी पार्टी के उम्मीदवार को अधिक से अधिक मतों से जिताने की अपील कर रहे हैं। ये हमारा मजबूत पक्ष है।

विनोद चमोली ने कांग्रेस उम्मीदवार की ओर से किये गए कटाक्ष पर बयान देते हुए कहा कांग्रेस विपक्षी दल है, इसलिए हमारे प्रदेश अध्यक्ष के इस भावुकता जैसे मजबूत पक्ष को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। पार्टी के नेता ही अपनी जनता के लिए आंसू बहा सकते हैं। कांग्रेस में या गणेश गोदियाल के पास ऐसा कोई नेता ही नहीं है जो अपनी जनता के लिए आंसू बहा सके।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *