हमीरपुर-महोबा सीट पर रिकाउंटिंग के बाद भी दौड़ी साइकिल
हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी संसदीय सीट पर अबकी बार चुनाव परिणाम बड़े ही चौकाने वाले आए हैं। यहां इस बार इंडिया (आईएनडीआईए) गठबंधन की साइकिल की रफ्तार देख भाजपाईयों के होश उड़ गए है। जातीय समीकरणों के उलटफेर में हैट्रिक लगाने की तमन्ना भाजपा की तार-तार हो गई है। ढाई दशक बाद इस सीट पर दूसरी बार सपा ने जीत दर्ज कराकर गठबंधन की साख बचाई है।
बुंदेलखंड की हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी संसदीय सीट पर पिछले दस सालों से भाजपा का कब्जा था। वर्ष 2014 के आम चुनाव में पुष्पेन्द्र सिंह ने 47.045 फीसदी मत लेकर पहली बार भाजपा का कमल खिलाया था। भाजपा की लहर में सपा प्रत्याशी व पूर्व मंत्री विशम्भर प्रसाद निषाद 19.39 फीसदी मत लेकर दूसरे स्थान पर रहे थे। जबकि बसपा के खाते में 18.28 फीसदी मत ही आए थे। सोलहवीं लोकसभा के चुनाव में कांग्रेस की जमानत जब्त हो गई थी। उसे सिर्फ 8.11 फीसदी ही वोट मिले। वर्ष 2019 में सत्रहवीं लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल पर दोबारा दांव लगाया। भाजपा की सुनामी में ये दोबारा सांसद चुने गए। उन्हें 52.75 फीसदी मत मिले थे, जबकि गठबंधन में बसपा प्रत्याशी दिलीप सिंह को 29.99 फीसदी, कांग्रेस के प्रीतम सिंह को 10.51 फीसदी मत मिले थे। बागी प्रत्याशी संजय साहू को पूरे संसदीय क्षेत्र से 24057 मत मिले थे।
अबकी बार भाजपा प्रत्याशी एवं सिटिंग एमपी पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल ने यहां की सीट पर हैट्रिक लगाने के लिए पूरी ताकत लगाई थी, बावजूद उन्हें पराजय का मुंह देखना पड़ रहा है। संसदीय क्षेत्र में इस बार भाजपा के खाते में 488054 मत आए, जबकि सपा को 490683 मत मिले। बसपा 94696 मत लेकर तीसरे स्थान पर रही। मंगलवार की देर रात जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल पाण्डेय ने विजयी प्रत्याशी अजेन्द्र सिंह राजपूत को प्रमाणपत्र दिया।
भाजपाईयों के विरोध पर हुई रिकाउंटिंग में भी नहीं खिल सका कमल, सपाईयों के चेहरे मुस्काए
मतगणना के आखिरी दौर में गठबंधन की साइकिल ने 2629 मतों से भाजपा को हराकर सीट पर कब्जा करने की खबर पाते ही भाजपा प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मतगणना स्थल पर डेरा जमा लिया है और दोबारा मतगणना कराने की मांग की। भाजपा प्रत्याशी और पूर्व सांसद की आपत्ति के बाद देर रात जिला निर्वाचन अधिकारी ने सिर्फ बीस ईवीएम मशीनों की रिकाउटिंग करने का फैसला किया। उधर, महोबा जिले के चरखारी विधानसभा और तिंदवारी में भी कुछ ईवीएम मशीनों की दोबारा मतगणना कराई, बावजूद भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा।
हमीरपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में हाई स्पीड में दौड़ी साइकिल, भाजपा को मिला तगड़ा झटका
संसदीय सीट के हमीरपुर और चरखारी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को बड़ा झटका मिला है। भाजपा के खाते में 105644 मत आए, वहीं सपा ने सर्वाधिक 126708 मत झटके। करीब बाइस हजार वोटों से साइकिल ने आगे बढ़त बनाई। राठ विधानसभा क्षेत्र में सपा को 115264 मत मिले जबकि भाजपा 116516 मत लेकर बहुत कम वोटों से बढ़त बनाई। महोबा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को 93076 व सपा को 79077 मत मिले, वहीं चरखारी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा 90593 मत लेकर सपा से पीछे हो गई। समाजवादी पार्टी को 92438 मत मिले।






