क्षणिक लाभ के उद्देश्य से डीएमके सरकार कर रही है देशविरोधी कार्य : अभाविप

तमिलनाडु के चेपॉक स्टेडियम में पुलिस द्वारा तिरंगे को कूड़ेदान में फेंकने और स्टेडियम में दर्शकों को तिरंगा ले जाने से रोकने के विरोध में आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बेगूसराय नगर इकाई द्वारा तमिलनाडु सरकार के खिलाफ आक्रोश मार्च निकाला गया।
मौके पर उपस्थित विभाग संयोजक सोनू कुमार ने कहा कि भारत के राष्ट्रीय ध्वज को कूड़ेदान में फेंकना ना सिर्फ अपमानजनक है, बल्कि डीएमके द्वारा राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान की दिशा में एक और घृणित काम है। बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस तरह के काम आज हमें भारत में देखने को मिल रहे हैं। राजनीतिक स्वार्थ के लिए डीएमके ने खुलेआम सनातन धर्म का अपमान किया है।
अब वह राष्ट्र की शान तिरंगे का अपमान कर राष्ट्र की संप्रभुता एवं स्वाभिमान को चुनौती देने का कार्य कर रहे हैं। यह किसी भी रूप में स्वीकार नहीं होगा। इस घटना पर तमिलनाडु सरकार को देश से माफी मांगनी चाहिए। इसके साथ ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। जिला संयोजक पुरषोत्तम कुमार ने कहा कि तमिलनाडु की डीएमके सरकार ने आज फिर एक बार देश की अस्मिता को चोट पहुंचाई है।
इसी तिरंगे के खातिर लाखों लोग शहीद हो गए, लेकिन डीएमके जैसी पार्टी क्षणिक लाभ के कारण तिरंगे का भी अपमान करने से नहीं चूक रही है। नगर सह मंत्री अजीत कुमार एवं नगर सह मंत्री आकाश गौतम ने कहा कि देश की आन-बान और शान तिरंगे का अपमान असहनीय है। यह बहुत ही शर्मनाक है कि भारत में ही तिरंगे को ले जाने के लिए पुलिस अनुमति नहीं दे रही है।
राजनीतिक स्वार्थ के लिए डीएमके के साथ गठबंधन कर रहे दलों के नेता की इस घटना पर चुप्पी भी शर्मनाक है। राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश के प्रतीकों के अपमान को भी मौन समर्थन दिया जा रहा है। वरिष्ट छात्र नेता बंटी गौतम ने कहा कि डीएमके सरकार लगातार अपनी विभाजनकारी राजनीति पर आगे बढ़ते हुए राष्ट्र को अघात पहुंचाने का कार्य कर रही है।
कभी क्षेत्रवाद, कभी भाषा, कभी धर्म और अब राष्ट्रीय ध्वज का अपमान कर तमिलनाडु की डीएमके सरकार देश में नकारात्मक संदेश प्रस्तुत कर रही है। कॉलेज अध्यक्ष प्रहलाद कुमार ने कहा कि तिरंगे के अपमान की घटना पर डीएमके सरकार देश से माफी मांगे। ऐसा कृत्य करने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित करे। यह घटना देश के स्वाभिमान पर प्रहार करने वाली है। मौके पर आलोक, सत्यम, रौशन, अंकित, उज्ज्वल, राजा, सन्नी, प्रिंस एवं राहुल सहित अन्य मौजूद रहे।
