ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

Anant Singh की बेटी के तिलक समारोह में उमड़ा समर्थकों का हुजूम, अमेरिका और विदेशों से भी पहुंचे मेहमान

पटना: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह के तिलक समारोह में भव्य नजारा देखने को मिला। पटना के दानापुर स्थित ऑर्गेनिक रिजॉर्ट में आयोजित इस समारोह में शामिल होने पहुंचे अनंत सिंह का समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। समारोह में अमेरिका, अहमदाबाद और विदेशों के कई शहरों से भी मेहमान पहुंचे।

समर्थकों और कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

अनंत सिंह की बेटी की शादी की चर्चा अब देश ही नहीं, विदेशों तक पहुंच चुकी है। बेटी के तिलक समारोह में विधायक अनंत सिंह के पहुंचते ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।

रिजॉर्ट परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ नजर आई। वहीं, होने वाले समधी रणविजय कुमार सिंह ने भी अनंत सिंह को फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

तिलक समारोह के दौरान कई आकर्षक नजारे देखने को मिले। इस मौके पर अनंत सिंह के दामाद, उनके दोनों बेटे और डिफेंडर कार भी चर्चा का हिस्सा रहे।

बेटी की शादी को भव्य बनाने के लिए खास तैयारियां

इससे पहले खबर सामने आई थी कि अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां कर रहे हैं। शादी के लिए जयपुर से मंडप तैयार किया जा रहा है, मऊ के कारीगर काम में जुटे हैं और बंगाल से लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। भव्य मंच तैयार करने के लिए करीब 500 कारीगर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होनी है। इस समारोह में हजारों मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है। शादी के लिए करीब 10 बीघा क्षेत्र में जयमाला स्टेज और पंडाल की तैयारी की जा रही है। इसी पंडाल में हजारों बाराती शामिल होंगे और शिवांगी व ऋषिकेश के जयमाला समारोह का आनंद लेंगे।

गौरतलब है कि अनंत सिंह बिहार के चर्चित बाहुबली नेताओं में गिने जाते हैं। अपने अलग अंदाज और बयानों के चलते वह अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में वह उस समय भी चर्चा में आए थे, जब जेडीयू ने उन्हें और उनकी पत्नी को पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *