ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

वाराणसी में ट्रेन में छूटा सिंगापुर के नागरिक का बैग, मिले 2 लाख से ज्यादा रुपये और विदेशी करेंसी; रेलवे कर्मचारियों ने पेश की ईमानदारी की मिसाल

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में रेलवे कर्मचारियों ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। नई दिल्ली-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे सिंगापुर के नागरिक का कीमती बैग ट्रेन में छूट गया था। बैग में 2 लाख रुपये से अधिक की भारतीय मुद्रा के साथ अमेरिकी डॉलर, श्रीलंकाई मुद्रा और सिंगापुर डॉलर भी मौजूद थे। रेलवे कर्मचारियों ने बैग को सुरक्षित रखकर उसके असली मालिक तक पहुंचाया और पूरी रकम उन्हें वापस सौंप दी।

जानकारी के मुताबिक, 20 नवंबर को ट्रेन नंबर 22416 नई दिल्ली-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस में सिंगापुर के नागरिक लिम वेंग शांग का काले रंग का बैग छूट गया था। ट्रेन रात करीब 11 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंची। यात्रियों के उतरने के बाद जब ट्रेन को मेंटेनेंस के लिए यार्ड में ले जाया जा रहा था, उसी दौरान सफाई के समय एक रेलवे कर्मचारी को सीट के पास बैग पड़ा मिला।

बैग में मिले 2 लाख 11 हजार 650 रुपये और विदेशी करेंसी

बैग मिलने के बाद रेलवे कर्मचारी ने बिना देरी किए इसकी सूचना निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षा बलों को दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और बैग को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आए।

इसके बाद बैग को खोलकर उसकी जांच की गई। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और बरामद रकम की गिनती की गई। जांच में बैग के अंदर भारतीय मुद्रा के 2 लाख 11 हजार 650 रुपये, 1,000 अमेरिकी डॉलर, 1 लाख 22 हजार श्रीलंकाई रुपये और सिंगापुर के 66 डॉलर मिले। पूरी रकम की गिनती के बाद बैग को सील कर सुरक्षित रख दिया गया।

पहचान और CCTV जांच के बाद मालिक को लौटाया गया बैग

स्टेशन मास्टर अर्पित गुप्ता के मुताबिक, अगले दिन सुबह बैग के असली मालिक लिम वेंग शांग स्थानीय टूरिस्ट गाइड के साथ कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने अपनी पहचान से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत किए और उनका बयान भी दर्ज किया गया।

इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और उपलब्ध जानकारी का सत्यापन किया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बैग में मौजूद पूरी रकम और सामान लिम वेंग शांग को सुरक्षित लौटा दिया गया।

स्टेशन मास्टर अर्पित गुप्ता ने बताया कि इस मामले में ईमानदारी और जिम्मेदारी दिखाने वाले रेलवे कर्मचारियों को सम्मानित करने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।

भारत में बौद्ध तीर्थ यात्रा पर आए हैं लिम वेंग शांग

अपना कीमती बैग और पूरी रकम वापस मिलने के बाद सिंगापुर के नागरिक लिम वेंग शांग काफी खुश नजर आए। उन्होंने बताया कि वह महायान लामा हैं और भारत में बौद्ध तीर्थ यात्रा के लिए आए हुए हैं।

उन्होंने कहा कि बैग में रखी रकम उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण थी। इस पैसे से वह भारत में कई बौद्ध कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा कि बैग और पैसे वापस मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है।

लिम वेंग शांग ने भगवान बुद्ध से सभी को आशीर्वाद देने और सभी के खुशहाल एवं स्वस्थ रहने की कामना भी की।

रेलवे कर्मचारियों की इस ईमानदारी ने एक बार फिर साबित किया है कि जिम्मेदारी और इंसानियत आज भी समाज में कायम है। विदेशी यात्री को उसकी पूरी रकम लौटाकर रेलवे कर्मियों ने देश की सकारात्मक छवि पेश की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *