CM Youth Conclave 2026: मोहन यादव ने युवाओं को दी बड़ी सौगात, 12 नए मेडिकल कॉलेज से लेकर फ्री कोचिंग तक का ऐलान
भोपाल: मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए 6 अक्टूबर का दिन खास रहा। भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित ‘सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से सीधा संवाद किया और प्रदेश के विकास को लेकर सरकार का रोडमैप साझा किया। कार्यक्रम में जहां युवाओं ने शिक्षा, कृषि, एआई, स्टार्टअप, खेल और नशामुक्ति जैसे मुद्दों पर सवाल पूछे, वहीं मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
कॉन्क्लेव में तकनीक और संस्कृति का अनोखा संगम भी देखने को मिला। एआई ह्यूमनॉइड रोबोट ‘बडी’ ने मंच पर मौजूदगी दर्ज कराई, जबकि सिंगर जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे की प्रस्तुतियों ने युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 स्किल यूनिवर्सिटी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि अगले वर्ष प्रदेश में 12 नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए जाएंगे। रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 12 स्किल यूनिवर्सिटी भी प्रारंभ की जाएंगी।
उच्च शिक्षा में शोध को प्रोत्साहित करने के लिए शोधार्थियों को मिलने वाली राशि 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा भी की गई।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए फ्री कोचिंग
सीएम ने प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क कोचिंग क्लासेस शुरू करने की घोषणा की। इसके अलावा सभी शासकीय महाविद्यालयों में अत्याधुनिक AI और एडवांस कंप्यूटिंग लैब स्थापित करने की बात कही गई।
युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्लेसमेंट एजेंसी नियुक्त करने और एक लाख युवाओं को कौशल उन्नयन योजना से जोड़ने की भी घोषणा की गई।
PSC की परीक्षा अब साल में दो बार
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक साल में एक बार होने वाली PSC परीक्षा को दो बार आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश में हर साल एक विशेष परीक्षा आयोजित करने की भी घोषणा की गई।
सीएम ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की बात कही। इसके लिए एक पोर्टल शुरू किया जाएगा, जहां युवा अपने आइडिया और सुझाव दे सकेंगे और सरकार उन्हें लागू करने की दिशा में काम करेगी।
स्टार्टअप और AI पर सरकार का फोकस
युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार AI और स्टार्टअप के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। भोपाल में AI सिटी, नॉलेज सिटी और साइंस सिटी विकसित किए जा रहे हैं।
स्टार्टअप के लिए 5 करोड़ रुपये का आइडिया फंड बनाने की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवा केवल रोजगार लेने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें।
इसके लिए इंदौर में IT पार्क, रीवा में IT पार्क और ग्वालियर में टेलीकॉम जोन जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया गया।
कृषि क्षेत्र में वैल्यू चेन बनाने पर जोर
कृषि को लेकर पूछे गए सवाल पर सीएम मोहन यादव ने कहा कि सरकार खेतों से लेकर फूड प्रोसेसिंग तक पूरी वैल्यू चेन विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए कृषि प्रयोग हो रहे हैं और ड्रैगन फ्रूट जैसी फसलों का उत्पादन भी किया जा रहा है। सरकार कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग को बढ़ावा देने और दूध उत्पादन बढ़ाने पर भी काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने भविष्य में किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली देने की बात भी कही।
मध्य प्रदेश को स्पोर्ट्स हब बनाने का लक्ष्य
खेल को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर का बड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एशियाड में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने पांच गोल्ड मेडल जीते हैं।
सरकार ने खेल को विषय के रूप में शामिल किया है और कोच के प्रमोशन की व्यवस्था भी की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2027 में स्पोर्ट्स सरकार की टॉप प्राथमिकताओं में रहेगा।
‘जीयो और जीने दो हमारी संस्कृति’
युवाओं के अपनी संस्कृति से जुड़ाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति और प्रकृति के साथ जुड़ाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति ‘जीयो और जीने दो’ की भावना पर आधारित है।
उन्होंने पायलट स्मित मच्छार का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर 174 लोगों की जान बचाई। मुख्यमंत्री ने महाकाल के लड्डू प्रसाद की सुविधा और प्रदेश में पर्यटन के बढ़ते दायरे का भी उल्लेख किया।
2029 तक नशामुक्त मध्य प्रदेश का संकल्प
युवाओं में बढ़ती नशे की लत को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2029 तक मध्य प्रदेश को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
तेजी से बदल रहा मध्य प्रदेश
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश तेजी से बदल रहा है। उन्होंने युवाओं को प्रदेश के विकास की ताकत बताते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को सबसे युवा राज्यों में बताते हुए सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 85 हजार लोगों को रोजगार दिया है। उन्होंने कहा कि अब मध्य प्रदेश केवल कृषि आधारित राज्य नहीं रहा, बल्कि उद्योग, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
एयर कनेक्टिविटी और आधुनिक तकनीक पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है। सतना, रीवा और दतिया जैसे शहरों में एयर कनेक्टिविटी बढ़ी है और करीब 10 एयरपोर्ट व एयर स्ट्रिप के विकास की योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने हाइड्रोजन ट्रेन और भोपाल-इंदौर मेट्रो जैसी आधुनिक तकनीकों का उल्लेख करते हुए कहा कि नई तकनीक और युवाओं की ऊर्जा को विकास से जोड़कर मध्य प्रदेश को और तेजी से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
15 से अधिक विभागों ने लगाई प्रदर्शनी
सीएम यूथ कॉन्क्लेव के दौरान 15 से अधिक सरकारी विभागों और विभिन्न संस्थाओं की ओर से प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें 80 से अधिक स्टॉल्स के जरिए युवाओं को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
- सरकारी कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग।
- शोधार्थियों की राशि 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह।
- सरकारी कॉलेजों में AI और एडवांस कंप्यूटिंग लैब।
- स्टार्टअप के लिए 5 करोड़ रुपये का आइडिया फंड।
- स्नातकोत्तर छात्राओं को ‘गांव की बेटी’ और ‘प्रतिभा किरण’ योजना के दायरे में शामिल करना।
- युवाओं के प्लेसमेंट के लिए एजेंसी नियुक्त करना।
- NSS की 500 नई इकाइयों का गठन।
- शोध संस्था के लिए 1 करोड़ रुपये का फंड।
- एक लाख युवाओं को कौशल उन्नयन योजना से जोड़ना।
- प्रत्येक संभाग में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल।
- 2027 में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन।
- PSC की सालाना परीक्षा के अलावा विशेष परीक्षा।
- युवा वर्ष 2027 के लिए पोर्टल की शुरुआत।
- अगले वर्ष 12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 स्किल यूनिवर्सिटी शुरू करना।
