बीएड और पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू, परीक्षा परिणाम घोषित
कुमाऊँ विश्वविद्यालय ने इस वर्ष की बीएड व पीएचडी की प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित कर दिए हैं।
कुलसचिव दिनेश चंद्रा ने बताया कि आगामी 30 जुलाई को प्रस्तावित बीएड प्रवेश परीक्षा हेतु विवि की वेबसाइट केयूनैनीताल डॉट एसी डॉट इन के माध्यम से आवेदन शुल्क 1310 रुपए जमा कर 22 जून से 20 जुलाई तक आवेदन किए जा सकते हैं। वहीं 23 जुलाई 2023 को प्रस्तावित पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए 2150 रुपए शुल्क जमा कर 22 जून से 12 जुलाई तक आवेदन किए जा सकते हैं। कुलसचिव ने यह भी साफ किया कि पीएचडी प्रवेश परीक्षा से मुक्त अभ्यर्थियों को भी इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। अन्य जानकारियों विवि की वेबसाइट में दी गई विवरणिका से प्राप्त की जा सकती है।
कुमाऊं विवि ने किए परीक्षा परिणाम घोषित
कुमाऊं विवि ने बुधवार को एमएससी गणित के तीसरे तथा एमएससी जंतु विज्ञान के काशीपुर महाविद्यालय को छोड़कर अन्य सभी परिसरों, महाविद्यालयों व संस्थानों के पहले व तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। विवि के कुलसचिव दिनेश चंद्रा ने बताया कि परीक्षार्थी अपना परीक्षाफल विवि की आधिकारिक वेबसाइट केयूएनटीएल डॉट नेट पर लॉग इन करके तथा अपने परिसर व महाविद्यालय से भी प्राप्त कर सकते हैं।




