• March 7, 2026

शारीरिक योग के साथ कर्मयोग भी करें :राज्यपाल

 शारीरिक योग के साथ कर्मयोग भी करें :राज्यपाल

प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को 9वें अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों को बधाई दी।

प्रदेश के कई हिस्सों के साथ राजधानी लखनऊ में हुई बारिश से सुहावने हुए मौसम के बीच राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति में वसुधैव कुटुम्बकम् के लिए योग की थीम पर आधारित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र के साथ राजभवन के विविध सभागारों में सम्पन्न हुआ।

प्रशिक्षित योगाचार्यों के कुशल नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, राजभवन के अध्यासितों और उनके परिजनों तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में योगाभ्यास में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो सन्देश का प्रसारण किया गया।

राज्यपाल ने कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए स्वस्थ जीवन के लिए योग को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा नियमित योग करके इसे जीवनचर्या में इस भांति शामिल करें की ये एक मस्तिष्क संचालित क्रिया की भांति आत्मसात हो जाये।

राज्यपाल ने अपने उद्बोधन में शारीरिक योग के साथ-साथ कर्मयोग की प्रेरणा भी दी। उन्होंने कहा जिस प्रकार योग हमें निरोग करता है, उसी प्रकार कार्यों का प्रतिबद्धता से निष्पादन मन को स्वस्थ करता है।उन्होंने योग को लेकर विश्व गुरु के रूप में भारत की स्थापित हुयी छवि का श्रेय प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व को दिया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि योग हमारी सनातन संस्कृति से जुड़ा है। इसके अन्तर्निहित महत्व को समझकर प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से आज पूरे विश्व ने इसे स्वीकार कर लिया है।

मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने योग को भारत के ऋषि-मुनियों की देन बताते हुए स्वस्थ जीवन के लिए स्वयं अपनाने और जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, प्रमुख सचिव पार्थ सारथी शर्मा, प्रमुख सचिव आयुष लीना जौहरी, जिलाधिकारी लखनऊ सूर्यपाल गंगवार, मुख्यमंत्री सलाहकार अवनीश अवस्थी सहित, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *