TMC में बढ़ी अंदरूनी कलह, अभिषेक बनर्जी ने बागी विधायक मदन मित्रा को भेजा कानूनी नोटिस
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अंदर चल रही खींचतान अब कानूनी मोड़ पर पहुंच गई है। पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी ने बागी विधायक मदन मित्रा को कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस उनके खिलाफ दिए गए कथित आपत्तिजनक और गंभीर बयानों को लेकर जारी किया गया है।
बताया जा रहा है कि मदन मित्रा कुछ समय पहले रितब्रता बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट में शामिल हुए थे। इसके बाद से ही पार्टी के भीतर विवाद और बढ़ गया है।
मदन मित्रा के बयानों पर जताई आपत्ति
अभिषेक बनर्जी की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस में मदन मित्रा द्वारा लगाए गए आरोपों पर कड़ी आपत्ति जताई गई है।
नोटिस के अनुसार, मदन मित्रा ने कथित तौर पर अभिषेक बनर्जी को ‘अपराधी’ और ‘हत्यारा’ बताया था। इसके अलावा उन पर पैसे देकर हत्या करवाने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे।
आरोपों को बताया झूठा और मनगढ़ंत
अभिषेक बनर्जी की ओर से जारी नोटिस में इन सभी आरोपों को पूरी तरह गलत, तथ्यहीन और मनगढ़ंत बताया गया है।
नोटिस में कहा गया है कि मदन मित्रा के आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं है और इस तरह के बयान अभिषेक बनर्जी की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हैं।
‘आप जानते हैं कि बयान झूठे हैं’- नोटिस
नोटिस में कहा गया है कि मदन मित्रा एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता हैं और उन्हें अपने बयानों की गंभीरता का पता है।
अभिषेक बनर्जी की ओर से कहा गया है कि मदन मित्रा यह अच्छी तरह जानते हैं कि उनके द्वारा दिए गए कथित अपमानजनक बयान पूरी तरह झूठे हैं।
TMC के भीतर बढ़ा राजनीतिक विवाद
मदन मित्रा के रितब्रता बनर्जी गुट में शामिल होने के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर विवाद तेज हो गया है। अब अभिषेक बनर्जी द्वारा कानूनी नोटिस भेजे जाने के बाद मामला और गरमा गया है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आने वाले दिनों में इस विवाद को लेकर और कानूनी व राजनीतिक कदम उठाए जा सकते हैं।
चुनावी झटकों के बाद संकट में TMC
बंगाल में विधानसभा चुनाव में झटके के बाद तृणमूल कांग्रेस कई चुनौतियों से जूझ रही है। पार्टी के कुछ नेता बगावती रुख अपना चुके हैं। इनमें विधायक, सांसद और स्थानीय स्तर के कई नेता शामिल हैं।
पार्टी के अंदर बढ़ती असहमति के बीच अभिषेक बनर्जी और मदन मित्रा के बीच विवाद ने TMC की अंदरूनी राजनीति को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।