‘ठुकरा के मेरा प्यार 2’ को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स, जियो हॉटस्टार की ट्रेंडिंग लिस्ट में टॉप पर
ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई वेब सीरीज ‘ठुकरा के मेरा प्यार 2’ दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। चार एपिसोड की इस सीरीज को रिलीज के बाद से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और यह प्लेटफॉर्म की ट्रेंडिंग लिस्ट में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है।संचिता बसु, धवल ठाकुर, सुशील पांडे और अनिरुद्ध दवे अभिनीत इस सीरीज को IMDb पर 8.2 की रेटिंग मिली है, जो दर्शकों के सकारात्मक रुझान को दर्शाती है।
क्या है कहानी?
‘ठुकरा के मेरा प्यार 2’ की कहानी पहले सीजन की घटनाओं को आगे बढ़ाती है। पहले सीजन में उत्तर प्रदेश के सीतापुर की पृष्ठभूमि पर आधारित प्रेम कहानी दिखाई गई थी, जिसमें गरीब परिवार के कुलदीप और प्रभावशाली परिवार की शानविका के रिश्ते को सामाजिक हैसियत और गलतफहमियां प्रभावित करती हैं। समय के साथ यह प्रेम कहानी बदले की कहानी में बदल जाती है। दूसरे सीजन की शुरुआत बदले हुए हालात से होती है। कुलदीप अपनी पिछली गलतियों पर पछतावा करता है, जबकि शानविका अपने पिता और पति को खोने के बाद बदला लेने के इरादे से सीतापुर की राजनीति में कदम रखती है। इसके बाद कहानी में लगातार नए मोड़ और सस्पेंस देखने को मिलते हैं।रोमांस, राजनीति, बदले और ड्रामा का मिश्रण दर्शकों को पसंद आ रहा है, जिसकी वजह से यह सीरीज इन दिनों ओटीटी पर चर्चा का विषय बनी हुई है।