खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुआ हमला, आक्रोश में सड़क पर उतरे छात्र
पटना: मंगलवार देर रात खान सर के कोचिंग सेंटर ग्लोबल स्टडीज पर भारी तोड़फोड़ की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कर्मियों द्वारा तुरन्त जांच पड़ताल की गई। जिसमें सीसी टीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ के माध्यम से पता चला कि ज्ञान बिंदु संस्थान, पटना से जुड़े लोगों द्वारा ये तोड़फोड़ की घटना सामने आई है । जिसमें खान सर ने दावा किया है कि वहां तैनात सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की गई एवं गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया है। खान सर का दावा है कि संस्थान पर गोलीबारी भी हुई है। जबकि अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है।
छात्रों में उमड़ा आक्रोश
ग्लोबल स्टडीज सेंटर पर हमले के बाद अगले आदेश तक उसे बंद कर दिया गया है। जिससे छात्रों की कोचिंग भी बंद कर दी गई है, जिस कारण कोचिंग परिसर के बाहर छात्रों की बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठी हो गई और जानकारी के अभाव में छात्र आक्रोश में सड़कों पर उतर आए। स्थिति की गम्भीरता को देखते हुए खान सर खुद कोचिंग सेंटर की बालकनी पर पहुंचे और छात्रों से शांति बनाये रखने को कहा।
खान सर ने लगाया आरोप
खान सर का कहना है कि दूसरे कोचिंग सेंटर्स द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है, जिसका कारण है खान सर द्वारा कम फीस में बच्चों को कॉम्पटेटिव एग्जाम की तैयारी कराना वो भी बेहतर नतीजों के साथ। जिसमें ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर का नाम सामने आया है।