• May 21, 2026

दिल्ली में 13 साल बाद फिर बनेंगे राशन कार्ड, 15 जून से शुरू होगी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया

दिल्ली के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। करीब 13 साल बाद राजधानी में नए राशन कार्ड बनने की प्रक्रिया दोबारा शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा करते हुए बताया कि 15 जून से नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पुराने राशन कार्डों का ऑडिट कराया, जिसमें बड़ी संख्या में अपात्र लाभार्थी सामने आए। उनके मुताबिक, जांच में पाया गया कि करीब 1 लाख 44 हजार लोग तय आय सीमा (इनकम क्राइटेरिया) से ऊपर थे, जबकि 35 हजार लाभार्थियों ने पिछले एक साल से राशन ही नहीं लिया था।

इसके अलावा 29 हजार राशन कार्ड धारकों की मृत्यु हो चुकी थी, जबकि 23 हजार डुप्लीकेट राशन कार्ड भी सामने आए। मुख्यमंत्री ने बताया कि कुल मिलाकर 7 लाख 72 हजार से अधिक लोग राशन कार्ड के लिए अपात्र पाए गए हैं। अब इन अपात्र लाभार्थियों की जगह पात्र लोगों को नया राशन कार्ड जारी किया जाएगा।

15 जून से शुरू होगी ऑनलाइन प्रक्रिया

रेखा गुप्ता ने कहा कि 15 जून से नए राशन कार्ड के लिए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 13 वर्षों में करीब 3 लाख 72 हजार लोगों ने राशन कार्ड के लिए आवेदन किया था, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान उनके कार्ड नहीं बन सके।

इनकम क्राइटेरिया बढ़ाने की तैयारी

दिल्ली सरकार राशन कार्ड के लिए आय सीमा बढ़ाने की भी तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मौजूदा 1.25 लाख रुपये वार्षिक आय सीमा को बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये तक किया जाएगा। यानी अब सालाना 2.5 लाख रुपये तक की आय वाले परिवार भी राशन कार्ड के पात्र हो सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में सरकार जल्द कैबिनेट में प्रस्ताव लाने जा रही है, जिसके बाद नई व्यवस्था लागू की जाएगी।

ऑडिट में सामने आए प्रमुख आंकड़े

  • 1.44 लाख लोग तय आय सीमा से ऊपर पाए गए
  • 35 हजार लोगों ने पिछले एक साल से राशन नहीं लिया
  • 29 हजार राशन कार्ड धारकों की मृत्यु हो चुकी थी
  • 23 हजार डुप्लीकेट राशन कार्ड पाए गए

सरकार का कहना है कि इन सुधारों के जरिए जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाएगा।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *