लखनऊ यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर गिरफ्तार, छात्रा से अश्लील बातचीत और पेपर आउट कराने के आरोप
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लखनऊ विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह को पुलिस ने छात्रा से अश्लील बातचीत और परीक्षा पेपर आउट कराने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि डॉ. परमजीत सिंह ने बीएससी फाइनल ईयर की एक छात्रा को फोन कर अश्लील बातें कीं और उसे अनुचित लाभ देने का प्रलोभन भी दिया। मामले में छात्रा द्वारा उपलब्ध कराए गए दो ऑडियो क्लिप सामने आए हैं, जिनमें प्रोफेसर कथित तौर पर आपत्तिजनक बातचीत करते और परीक्षा का पेपर आउट कराने की बात करते सुनाई दे रहे हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने गठित की जांच समिति
छात्रा ने दोनों ऑडियो क्लिप विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंप दिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच के लिए एक समिति गठित कर दी है। विश्वविद्यालय का कहना है कि आंतरिक शिकायत समिति 24 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस के मुताबिक, 15 मई को लखनऊ विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने थाना महानगर में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह ने एक छात्रा के साथ अश्लील वार्तालाप किया और उसे अनुचित लाभ देने की कोशिश की।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि छात्रा ने परीक्षा प्रश्नपत्र आउट कराने से जुड़ा ऑडियो विश्वविद्यालय प्रशासन को उपलब्ध कराया था।
जांच ACP महानगर करेंगे
पुलिस ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना हसनगंज में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) महानगर द्वारा की जाएगी।
शुरुआत में आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
ABVP छात्रों का प्रदर्शन
मामला सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया और आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि मामले में निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।