दुष्कर्म पीड़िता के पिता को शिकायत वापस लेने के लिए मिल रहीं धमकियां

मुरादाबाद, 27 अगस्त। जिले के थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र स्थित निजी क्लीनिक में गत दिनों चिकित्सक द्वारा वार्ड बॉय और आशा की मदद से नर्स को बंधक बनाकर दुष्कर्म की घटना प्रकाश में आई थी। इसके बाद तीनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं दुष्कर्म पीड़िता नर्स के पिता ने मंगलवार को थाना पुलिस से शिकायत कर केस वापस लेने को लेकर धमकियां मिलने का आरोप लगाया। मामले में एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने बताया कि धमकी देने वालों की तलाश में पुलिस जुट गई है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ठाकुरद्वारा स्थित अस्पताल में नर्स के साथ 17 अगस्त की रात आरोपी अस्पताल संचालक शाहनवाज ने दुष्कर्म किया था। पीड़िता के पिता ने इस मामले में आरोपी शाहनवाज, उसकी सहयोगी नर्स मेहनाज, वार्ड बॉय जुनैद के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पिता ने थाना पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग थाने आए थे और समझौते के लिए लालच दिया था। इसके अलावा रविवार और सोमवार को भी आरोपित पीड़िता के घर पहुंचे और उन्होंने पीड़िता के पिता से समझौते के लिए बात की थी। पिता ने पुलिस को बुलाया तो आरोपित मौके से भाग गए थे।

पुलिस अधीक्षक देहात संदीप कुमार मीना ने मंगलवार को बताया कि मामले में तीनों आरोपित जेल में बंद हैं। धमकी देने के मामले में पीड़िता के पिता की शिकायत मिल गई है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *