ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ सम्पूर्ण नीमच जिला

नीमच, 21 जून ।जिले में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला, तहसील एवं ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर योग एवं प्राणायाम के कार्यक्रम वृहद स्तर पर आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधिगण, स्वंयसेवी संस्थाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं योग संस्थाओं, अधिकारी-कर्मचारियों एवं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ चढकर बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और प्राणायाम किया। जिले में हजारों की संख्या में लोगों द्वारा योग एवं प्राणायाम करने की जानकारी मिली है।

जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम शुक्रवार को जिला मुख्यालय नीमच के सी.एस.व्ही.अग्रोहा भवन में आयोजित किया गया। नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार, कलेक्टर दिनेश जैन, एसपी अंकित जायसवाल ने योग एवं प्राणायाम के कार्यक्रम में शामिल होकर योग एवं विभिन्न आसनों के साथ प्राणायाम किया। जिला क्रीडा अधिकारी सावित्री श्यामलाल मालवीय एवं जिला योग प्रभारी शबनम खान ने योग एवं प्राणायाम के विभिन्न आसनों को प्रस्तुत किया।

सी.एस.व्ही.अग्रोहा भवन नीमच में मंच के साथ ही प्रोजेक्टर, एलईडी स्क्रीन, पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा लाईव प्रसारण किया गया। योग कार्यक्रम में विभिन्न स्वंय सेवी संस्थाओं ने अपनी भागीदारी की। मुख्य रूप से स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थीगण, शासकीय अधिकारी कर्मचारीगण, एवं योग प्रेमियों, योग संस्थाओं के पदाधिकारियों, सहित विभिन्न संगठनों एवं संस्थाओं के पदाधिकारी भी शामिल हुए। इस अवसर पर एडीएम लक्ष्मी गामड़, जिला आयुष अधिकारी डॉ.आशीष बोराना, जिला शिक्षा अधिकारी सीके शर्मा एवं शिक्षकगण तथा विभिन्न योग संस्थाओं से जुडे योग प्रेमी भी उपस्थित थे।

रोग को रोकने का काम करता है योगः विधायक मारू

योग एक ऐसी विधा है जो हमें स्वस्थ्य रखती है योग हमारी प्राचीन ऋषिमुनियों की संस्कृति का अहम हिस्सा है। रोग आने से पहले उसे रोकने का काम योग से कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने योग को अंतरराराष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाई है। आज विश्व भर में 21 जून योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। यह बात विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू ने कृषि उपज मंडी परिसर, में योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कही।

इस मौके पर एसडीएम पवन बारिया सहित प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक ओर बडी सख्यां में विद्यार्थियों की उपस्थिति में सामूहिक योग कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। विधायक श्री मारू ने कहा कि हम योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर भविष्य में होने वाली शारीरिक परेशानियों से बच सकते है ,सभी योग अवश्य करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *