ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

केजरीवाल ने जल संकट पर केंद्र से मदद की अपील की

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को केंद्र और भाजपा से अपील की कि वे उत्तर प्रदेश और हरियाणा सरकारों से दिल्ली की पानी की मांग को पूरा करने में मदद करने का अनुरोध करें।

केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “इस बार पूरे देश में अभूतपूर्व गर्मी पड़ रही है जिसकी वजह से देश भर में पानी और बिजली का संकट हो गया है। पिछले वर्ष, दिल्ली में बिजली की पीक डिमांड 7438 मेगावाट थी। इसके मुक़ाबले इस साल पीक डिमांड 8302 मेगावाट तक पहुंच गयी है। पर इसके बावजूद दिल्ली में बिजली की स्थिति नियंत्रण में है, अन्य राज्यों की तरह पॉवर कट नहीं लग रहे।

उन्होंने आगे लिखा, “पर इतनी भीषण गर्मी में पानी की डिमांड बहुत बढ़ गयी है। और जो पानी दिल्ली को पड़ोसी राज्यों से मिलता था, उसमे भी कमी कर दी गयी है। यानी डिमांड बहुत बढ़ गयी और सप्लाई कम हो गयी। हम सबको मिलकर इसका निवारण करना है।”

दिल्ली में जल संकट को लेकर विपक्षी दल भाजपा के विरोध-प्रदर्शन पर सवाल खड़ा करते हुए केजरीवाल ने कहा कि मैं देख रहा हूं कि भाजपा के साथी हमारे ख़िलाफ़ धरने प्रदर्शन कर रहे हैं। इस से समस्या का समाधान नहीं निकलेगा। मेरी सभी से हाथ जोड़ कर विनती है कि इस वक़्त राजनीति करने की बजाय, आइये मिलकर दिल्ली के लोगों को राहत दिलवायें। यदि भाजपा हरियाणा और यूपी की अपनी सरकारों से बात करके एक महीने के लिए दिल्ली को कुछ पानी दिलवा दें तो दिल्ली वाले भाजपा के इस कदम की खूब सराहना करेंगे। इतनी भीषण गर्मी किसी के हाथ की बात नहीं। लेकिन हम सब मिलकर काम करें तो लोगों को इस से राहत तो दिलवा सकते हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *