ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

फायरिंग मामले में नीरज दुबे सहित छह आरोपित गिरफ्तार, भेजे गए जेल

पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के बागबेड़ा में विजय उर्फ मोनू पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने कोलकाता से नीरज दुबे, मो. चांद, डेविड टोप्पो, सिंटू सिंह और बृजेश कुमार पांडेय को जबकि जमशेदपुर से सुनील रजक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक रिपीटर बंदूक, चार देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और कुल 102 राउंड गोली बरामद किया है। सभी आरोपितों को बुधवार को जेल भेज दिया गया।

एसएसपी किशोर कौशल ने बुधवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सभी आरोपित कोलकाता में छिपे हुए हैं। इसके बाद डीएसपी भोला प्रसाद सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने कोलकाता पुलिस को मदद से कोलकाता के बागयूटी थाना क्षेत्र के लोकनाथ अपार्टमेंट में छापेमारी की। इस दौरान नीरज दुबे सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही एक आरोपित सुनील रजक को जमशेदपुर से ही गिरफ्तार किया है।

एसएसपी ने बताया कि कन्हैया सिंह और मोनू का पुराना विवाद था। स्टेशन के पार्किंग पर नीरज दुबे पर फायरिंग के मामले में मोनू का नाम आया था। इसी को लेकर नीरज और कन्हैया ने हाथ मिला लिया और मोनू की हत्या की प्लानिंग कर दी। उन्होंने हत्या के लिए चांद से संपर्क किया। एक हफ्ते पूर्व से ही फरार चल रहे आशीष ने रेकी की। घटनास्थल पर डेविड टोप्पो, चांद और सुनील रजक मौजूद थे। गोली चांद ने चलाई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी सड़क मार्ग से कोलकाता चले गए। इसके लिए ब्रजेश पांडे ने मदद की थी। ब्रजेश ने ही हथियार को ठिकाने लगाया था ।

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधी किसी ना किसी मामले में फरार चल रहे थे। सिंटू सिंह पर हत्या और फायरिंग के कुल चार मामले दर्ज हैं। डेविड पर भी तीन मामले दर्ज हैं। मो. चांद पर दो और सुनील पर एक जबकि नीरज पर दो मामले दर्ज हैं। ब्रजेश पांडे हत्या के मामले में सजायाफ्ता है और फिलहाल जमानत पर बाहर है।

एसएसपी ने बताया कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ ही एक साथ दो मामलों का खुलासा हो गया। बागबेड़ा पर मोनू सिंह पर फायरिंग और उलीडीह में गुड्डू पांडे पर फायरिंग का खुलासा किया गया है। सभी आरोपितों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।

गौरतलब है कि दो मई, 2024 की सुबह विजय उर्फ मोनू घर के बाहर पुट्टी मिस्त्री अनिल साहू को काम बता रहा था। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी ने मोनू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। मोनू को दो गोली, पुट्टी मिस्त्री अनिल साहू और महिला ललिता देवी को एक-एक गोली लगी थी। मामले में पुलिस ने कुछ दिनों पूर्व मुख्य साजिशकर्ता कन्हैया सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *