• December 30, 2025

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि दी

 राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि दी

राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘एकात्म मानववाद’ के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर उनका स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

राज्यपाल मिश्र ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय व्यक्ति नहीं संस्था थे। उनकी ‘एकात्म मानववाद’ की दृष्टि निर्धनता और अशिक्षा को दूर कर समाज में सभी स्तरों पर समानता स्थापित करने की रही। मिश्र ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्र और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय दर्शन के प्रणेता, भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर कोटिशः नमन। दीनदयाल का जीवन राष्ट्रसेवा व समर्पण का विराट प्रतीक है। उनका मानना था कि कोई भी देश अपनी संस्कृति के मूल विचारों को भुलाकर प्रगति नहीं कर सकता।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने एक्स पर लिखा कि एकात्म मानववाद के प्रणेता ‘महान कर्मयोगी’ पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि प्रणाम। पं. उपाध्याय जी का सम्पूर्ण जीवन भारत की संस्कृति, एकता व उत्थान को समर्पित रहा। आपके विचार व सिद्धांत राजनीतिक शुचिता के लिए आज भी प्रासंगिक हैं। पं. उपाध्याय ने भारत को एक सशक्त व समतामूलक देश बनाने की पद्धति के साथ अंतिम छोर पर खड़े हर व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया था। उनके द्वारा प्रस्तुत ‘अन्तोदय’ की विचारधारा आज भी भाजपा का प्रमुख ध्येय है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने लिखा कि गम्भीर दार्शनिक, गहन चिंतक, समर्पित एवं महान संगठनकर्ता, सार्वजनिक जीवन में शुचिता एवं गरिमा के उच्चतम आयाम स्थापित करने वाले, प्रखर राष्ट्रवादी, एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता भाजपा परिवार के प्रेरक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर उनका स्मरण करते हुए सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *