• October 15, 2025

हर वर्ग के हित में है केन्द्र सरकार का बजट: बलदेव ग्रोहा

 हर वर्ग के हित में है केन्द्र सरकार का बजट: बलदेव ग्रोहा

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को संसद में बजट पेश किया। इस बजट कार्यक्रम का भाजपा जिला कार्यालय में लाइव प्रसारण किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव सिंह ग्रोहा के नेतृत्व में जिला महामंत्री जगदीश शर्मा, जिला सचिव अशोक जाखड़, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष राखी मक्कड़, एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष डाॅ. रणजीत ओड, जिला मीडिया प्रभारी महेश शर्मा, सुखविन्द्र सिंह व रामकुमार मेहरा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने इस बजट का सीधा प्रसारण देखा।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष बलदेव सिंह ग्रोहा ने आम बजट का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर यह बजट पेश किया है। गरीब, महिलाएं, युवा और अन्नदाताओं (किसान) में इस बार केन्द्र सरकार ने पूरा फोकस बनाकर रखा है। इस बजट में कुछ भी महंगा नहीं किया गया। देश की तीन करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने की बात वित्त मंत्री ने इस बजट में रखी, जोकि सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। गरीब कल्याण योजना में कई लाख करोड़ रुपये खातों में भेजे। पीएम किसान योजना से करोड़ों लोगों को आर्थिक मदद मिली है। तीन हजार नए आईआईटी खोले गए हैं। लाखों युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है। एशियाई खेलों में भारत के युवाओं को कामयाबी मिली है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने अंतरिम बजट की परंपरा को जारी रखा है। अंतरिम बजट में किसी तरह की लोकलुभावन घोषणाएं नहीं की जाती हैं। यही वजह है कि सरकार ने किसी तरह की घोषणाएं करने से परहेज किया है। इस नए बजट के अनुसार ब्लू इकोनॉमी 2.0 के तहत नई योजना शुरू होगी। इलेक्ट्रिक गाडिय़ों को बढ़ावा देंगे। 50 साल के लिए 1 लाख करोड़ के ब्याज मुक्त लोन देंगे। लक्षद्वीप के इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देंगे। 40 हजार सामान्य रेल कोच वंदे भारत जैसे कोच में बदलेंगे।

ग्रोहा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार में जन जन के उत्थान के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई। लोगों को मुफ्त इलाज, मुफ्त राशन मुहैया करवाया गया। उज्ज्वला गैस योजना के तहत महिलाओं का उत्थान किया गया। इसी प्रकार की बहुत सी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देशवासियों को दिया जा रहा है। देश की जनता भाजपा सरकार से बहुत खुश और संतुष्ट है। आने वाले लोकसभा चुनावों में नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे और देश का विकास चौगुनी से आगे बढ़ेगा।

Digiqole Ad

Rama Niwash Pandey

https://ataltv.com/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *