ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम ने बीकानेर पहुंचकर प्रत्याशियों से ली चुनावी रिपोर्ट

बीकानेर का विधानसभा चुनाव अब लगातार गरमाता जा रहा है। पूर्व-पश्चिम के प्रत्याशी जहां घर-घर पहुंच रहे हैं वहीं समर्थक सोशल मीडिया से लेकर रैली-सभाओं तक ताकत दिखा रहे हैं। इन सबके बीच बड़े नेता और पार्टियां डेमेज कंट्रोल करने के साथ ही चुनावी माहौल बनाने के लिए स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम तय करवाने में जुटे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद अर्जुनराम मेघवाल ने बीकानेर शहर के दोनों भाजपा प्रत्याशियों के साथ मीटिंग की। अब तक की चुनावी रिपोर्ट ली।

सांसद ने जहां बीकानेर पूर्व की सिद्धी कुमारी और पश्चिम के जेठानंद व्यास से अलग-अलग अकेले में मुलाकात की वहीं कुछ चुनिंदा पदाधिकारियों-नेताओं की मौजूदगी में रणनीतिक चर्चा भी की। इस दौरान बीकानेर में बड़े नेताओं के दौरों पर चर्चा भी हुई। मोटे तौर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा का दौरा लगभग तय हो गया है। यह दौरा 20 से 22 के बीच होने की संभावना है। इस दौरान श्रीडूंगरगढ और बीकानेर में सभाएं प्रस्तावित हैं। जिले में अधिकांश प्रत्याशियों और समर्थकों की मांग है कि उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा की सभाएं करवाई जाएं। ये दोनों प्रखर हिन्दूवादी नेताओं के रूप में जाने जाते हैं।

भाजपा की इस मीटिंग में बीकानेर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सिद्धि कुमारी व पश्चिम विधानसभा प्रत्याशी जेठानंद व्यास, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष विजय आचार्य, महामंत्री मोहन सुराणा, श्याम सुंदर चौधरी, नरेश नायक, अरविंद किशोर आचार्य, शिवरतन अग्रवाल, अनिल शुक्ला, पंकज अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *