सीडीएलयू प्रशासन एवं वाइस चांसलर का किया पुतला दहन

चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) के बाहर शनिवार को सभी विद्यार्थियों ने एकत्रित होकर सीडीएलयू प्रशासन एवं वाइस चांसलर का पुतला दहन किया। विद्यार्थियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सैकड़ों विद्यार्थियों का भविष्य खराब कर मनमानी की जा रही है।

छात्र नेता अजय कुमार एवं प्रेम कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को अनेकों समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 2 वर्ष के पश्चात भी किसी भी विद्यार्थी की कंबाइंड डीएमसी एवं डिग्री किसी भी कॉलेज में नहीं पहुंचाई गई। सैकडों बिना बारकोड डीएमसी, टोटल नंबर में गलती एवं अनेकों खामियां देखने को मिल रही हैं, जिसके कारण विद्यार्थी दिन-प्रतिदिन यूनिवर्सिटी में चक्कर लगा रहे हैं। जो डीएमसी यूनिवर्सिटी द्वारा कॉलेजों में तैयार करके भेजी गई है, उसमें टोटल मार्किंग, कैपिटल अक्षर, सांयकालीन पेपर में अधिक खामियां भी देखने को मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि रेवुलेशन का रिजल्ट अभी तक किसी भी साइट पर नहीं शो हो रहा। जो रिजल्ट साइट पर शो हो रहे थे, उन्हें यूनिवर्सिटी के द्वारा साइट से हटा दिया गया। जो रिजल्ट पीडीएफ के माध्यम से पहले मैन्युअल तैयार कर दिए थे, वह रिजल्ट अब साइट पर डालने के बाद डेट चेंज कर दी गई, जोकि विद्यार्थियों के रिजल्ट के साथ खिलवाड़ है।

छात्र मनीष कंबोज एवं प्रिंस सोनी ने कहा कि सरकार जल्द से जल्द ऐसे वाइस चांसलर पर संज्ञान ले, जिसने सैकड़ों विद्यार्थियों के भविष्य को बर्बाद कर दिया। 2 वर्ष से विद्यार्थी अपने परीक्षा परिणाम को लेकर काफी चिंतित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *