• December 31, 2025

मां भारती के सपूतों के बलिदान की बदौलत मिली आजादी: संदीप सिंह

 मां भारती के सपूतों के  बलिदान की बदौलत मिली आजादी: संदीप सिंह

हरियाणा के राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि आजादी के इस दिन के लिए मां भारती के न जाने कितने ही सपूतों ने अपना सब कुछ बलिदान कर दिया। इसी दिन के लिए असंख्य देश भक्तों ने कष्ट झेले और यातनाएं सहीं। वे मंगलवार को स्थानीय सेक्टर-12 हैलीपैड ग्राउंड में 77वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर आजादी की बलिवेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों को नमन करता हूं और उन वीर सैनिकों की भी सलाम करता हूं, जिन्होंने आजादी के बाद देश की एकता व अखंडता की खातिर अपने प्राण न्योछावर कर दिए हैं। उन्हीं के अनुपम बलिदान के कारण आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं।

मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि आज हर भारतवासी के लिए खुशी का दिन है। आज हर गली, हर मोहल्ले में तिरंगा है। हर घर-हर दफ्तर में तिरंगा है। हर वाहन, हर हाथ में तिरंगा है। पूरा देश तिरंगे के रंगों में रंगा है। पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा है।

उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन की पहली चिंगारी 10 मई, 1857 को हरियाणा के अम्बाला से फूटी थी। उस चिंगारी ने आगे चलकर ऐसा जन-आन्दोलन खड़ा किया, जिसके बलबूते हम 1947 में अंग्रेजी हुकूमत को उखाड़ फेंकने में कामयाब रहे। इस आंदोलन के बलिदानियों की देश भक्ति से हमारी युवा पीढ़ी प्रेरणा हासिल करें, इसके लिए हम अम्बाला छावनी में शहीदी स्मारक बना रहे हैं।

संदीप सिंह ने स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले युद्ध स्मारक पर जाकर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद 77वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यातिथि ने ध्वजारोहण करके परेड का निरीक्षण करने के बाद भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। तत्पश्चात विभिन्न स्कूलों द्वारा पीटी शो व देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन अवसर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले एनजीओ व व्यक्तियों को मुख्यातिथि द्वारा सम्मानित किया गया।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *