पर्यटन स्थल सौरभ वन बिहार खनन माफिया से बचाया जाए : शान्ता कुमार

हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शान्ता कुमार ने कहा कि यह बड़े सौभाग्य की बात है कि हिमाचल सरकार ने कांगड़ा को हिमाचल प्रदेश का पर्यटन कैपिटल बनाने का निर्णय किया है। इस दृश्टि से पालमपुर और उसके आस पास का क्षेत्र अत्यन्त महत्वपूर्ण है। धौलाधार में पर्यटन की आपार सम्भावनाएं है और पालमपुर का बड़ा पुल धौलाधार से एक मात्र सम्पर्क है। सौरभ कालिया बिहार प्रदेश का एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल बन गया है।
उन्होंने कहा खनन माफिया के कारण इस क्षेत्र को संकट पैदा किया जा रहा है। याद रहें इसी कारण कुछ साल पहले न्यूगल की बाढ़ ने सौरभ वन बिहार को बर्वाद कर दिया था। उसकी रक्षा के लिए पिछली सरकार ने तीन करोड़ रू0 लगा कर सुरक्षा दीवार का निर्माण किया है। इस पूरे क्षेत्र में सरकारी और निजि भूमि पर खनन और भूमि कटाव को पूरी तरह से प्रतिबधिंत किया जाना चाहिए।
शान्ता कुमार ने कहा कि पिछली सरकार के समय सौरभ वन विहार में टॉय ट्रेन के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। मुझे खुशी है कि 65 लाख रू0 का प्रस्ताव स्वीकार हो गया है और हिमाचल की पहली टॉय ट्रेन सौरभ वन विहार में लगेगी।
उन्होंने कहा पर्यटन की दृश्टि से इसी क्षेत्र में एक रोप वे बनाने की योजना को भी भारत सरकार ने स्वीकार कर लिया है। उस सम्बंध में औपचारिकताएं पूरी की जा रही है। यह रोप वे हिमाचल प्रदेश में सबसे लम्बा और महत्वपूर्ण रोप वे होगा।
शान्ता कुमार ने कहा इन सब कारणों से यह सारा क्षेत्र पर्यटन की दृश्टि से अत्यन्त महत्वपूर्ण हो गया है परन्तु इस बात की चिन्ता है कि अधिकारियों की कमजोरी के कारण खनन और भूमि कटाव हो रहा है और उसके कारण न्यूगल पुल उसके साथ झूला पुल और उसके साथ सौरभ वन विहार को भी नुकसान पहुंच रहा है। यही पुल 30 गांवों के लिए सम्पर्क का भी एकमात्र साधन है।
उन्होंने सरकार और विशेष कर मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि पर्यटन की दृश्टि से अत्यन्त महत्वपूर्ण इस स्थान को खनन माफिया सकंट से अति शीघ्र बचाया जाए।
