भाजपा राज में महिलाएं सुरक्षित नहीं : करन माहरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर महिलाओं की अनदेखी का आरोप लगाया है। माहरा ने कहा है कि भाजपा राज में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।

शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा पार्टी जनता का ध्यान बेटियों के मुद्दे से भटका कर अंकिता हत्याकांड के दोषियों को बचाने का रास्ता बना रही है। कांग्रेस इतनी जल्दी हार मानने वालों में से नहीं हैं, अंकिता को न्याय दिलाने के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा। राज्य की जनता ने भाजपा को जरूरत से ज्यादा बहुमत देकर उसे निरंकुश संवेदनहीन और बेलगाम कर दिया है। सत्ता को न आज अंकिता भण्डारी दिख रही है न ही उसके माता-पिता।

माहरा ने कहा कि जनपद उत्तरकाशी के पुरोला, धरासू, चिन्यालीसौड़ और डुण्डा में दुष्कर्म की घटनाएं हुईं। सिर्फ उन घटनाओं पर पर्दा डालने का काम किया गया। बच्चियों को जो राहत राशि देनी चाहिए थी वह भी अभी तक नहीं दी गयी है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में बहू-बेटियां सुरक्षा की बात करना बेमानी है। पहाड़ की बेटी अंकिता भण्डारी हत्याकांड को दस महीने से अधिक होने के बावजूद भी न्याय नहीं मिल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *