जिले में शांति और सौहार्द पूर्ण वातावरण में मनाया जा रहा है बकरीद
सुबह से हो रही वर्षा के बावजूद सम्पूर्ण जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूरे उल्लास के साथ बकरीद पर्व मनाया जा रहा है। जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व के अवसर पर समस्त जिलेवासियों को मुबारकबाद देते हुए कहा है कि त्याग, बलिदान एवं खुशियों का यह पर्व सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही आपसी भाईचारे की भावना को भी बढ़ाता है।
उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा का पर्व हमे सच्चाई की राह पर चलते हुए हर तरह की कुर्बानी देने की प्रेरणा देता है। यह पर्व अमन-चैन, शांति, भाईचारे एवं सौहार्द का संदेश देता है। इस अवसर पर हम सभी को आपसी भाईचारा, सद्भाव तथा सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए। बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है।
डीएम श्रीकांत शास्त्री एवं एसपी डाॅ इनाम उल हक़ मेंगनु स्वयं पल-पल की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। विधि-व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे है। सुबह से ही वरीय अधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी किशनगंज शहर सहित जिले के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानो का जायजा ले रहे है। विधि-व्यवस्था को लेकर पेट्रोलिंग दंडाधिकारी व वरीय पदाधिकारी विभिन स्थलों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियो से मिलकर फीडबैक भी लिए है। जिला नियंत्रण कक्ष से पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की सूचना या जानकारी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06456225152 पर संपर्क कर सकते है। सम्पूर्ण जिले में बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण एवं सौहाद्रपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होने की सूचना प्राप्त हो रही है।




