मुरादाबाद में सकुशल अदा हुई बकरीद की नमाज
बकरीद की नमाज अदा करने के लिए गुरुवार को मुरादाबाद के ईदगाह और महानगर की सभी मस्जिदों में अकीदतमंदों की जबरदस्त भीड़ रही। अल्लाह की अकीदत ऐसी थी कि ईदगाह में जहां जगह मिली उसने वहीं बैठकर नमाज अदा की। बकरीद की नमाज के बाद एक दूसरे को मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हो गया और फिर घरों पर कुर्बानी प्रारंभ हो गई। सभी ने अपनी हैसियत के अनुसार अल्लाह की रजा पाने को कुर्बानी दी।

आज बकरीद का उत्साह तड़के से ही नजर आ रहा था। अकीदतमंद नमाज के तय समय से एक घंटा पहले से ही ईदगाह पर पहुंचना शुरू हो गए थे। बुजुर्ग, युवा, बच्चे सफेद कुर्ता-पायजामा और जालीदार टोपी पहनकर ईदगाह आए। सारा ईदगाह अकीदतमंदों के लगाए इत्र से महक रहा था। नमाज के समय तक ईदगाह का मैदान नमाजियों से पूरी तरह भरा रहा।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े 09 बजे मुरादाबाद ईदगाह में शहर इमाम सैय्यद मासूम अली आजाद ने ईद उल अजहा की नमाज अदा कराई। इसके साथ ही शहर की प्रमुख मस्जिदों के साथ ही सभी छोटी बड़ी मस्जिदों में भी बड़ी अकीदत के साथ अलग-अलग समय पर ईद की नमाज पढ़ी गई। देश और कौम की तरक्की, शांति और खुशहाली के लिए भी दुआ मांगी गई। नमाज पढ़ने के बाद सब ने एक दूसरे से गले मिलने की सुन्नत को पूरा किया। इसके बाद कुर्बानी का दौर शुरू हो गया जो देर शाम तक जारी रहा।
चाक चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था, मौजूद रहे जिलाधिकारी और कप्तान
मुरादाबाद पुलिस और प्रशासन की ओर से बकरीद की नमाज अदा कराने के लिए जबरदस्त इंतजाम किए गए। ईदगाह और सभी मस्जिदों के आस-पास सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम था। ईदगाह के नजदीक कंट्रोल रूम बना गया। जहां से सीसी टीवी कैमरों व ड्रोन से निगरानी की गई। इसके अलावा छतों पर तैनात पुलिस के जवान दूरबीन से चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए थे। इस दौरान कंट्रोल रूम पर जिलाधिकारी मुरादाबाद शैलेंद्र कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा, एडीएम सिटी आलोक वर्मा, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिविल लाइन अर्पित कपूर, सीओ कटघर शैलजा श्रीवास्तव आदि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।




