• March 7, 2026

सीएम धामी ने घंटाकर्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना, विश्राम गृह का किया शिलान्यास……

 सीएम धामी ने घंटाकर्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना, विश्राम गृह का किया शिलान्यास……

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को टिहरी के गजा स्थित घंटाकर्ण मंदिर पहुंचकर घंटाकर्ण देवता के दर्शन एवं विधिवत पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया. साथ ही समस्त देश एवं प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की. इस मौके सीएम धामी द्वारा मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत 60.90 लाख के विश्राम गृह निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया.

सीएम धामी ने 11वां श्री घंटाकर्ण महायज्ञ एवं धार्मिक सांस्कृतिक मेले में प्रतिभाग कर मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि घंटाकर्ण देवता की पवित्र भूमि पर दूसरी बार पहुंचने का मौका मिला है. उन्होंने कहा कि केदारखंड के 148वें अध्याय में इसकी पौराणिकता का वर्णन मिलता है. उन्होंने कहा कि सड़क से जुड़ने के बाद यह विश्व के प्रसिद्ध धामों में से एक धाम बनेगा. आज सनातन संस्कृति का चारों ओर प्रचंड लहरा रहा है. आयोध्या में भव्य राम मंदिर का पुर्नोत्थान निर्माण कार्य हो रहा है. धार्मिक धरोहर समृद्धि की जा रही है.

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों को एक वर्ष में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त में देने का कार्य धरातल पर उतारने में उत्तराखंड देश का पहला राज्य है. मातृशक्ति को सभी सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत का क्षैतिज आरक्षण दिए जाने का प्रावधान किया गया है. समान नागरिक संहिता कानून का ड्राफ्ट को पूरा करने का कार्य कर दिया है. ड्राफ्ट बनने के बाद इसे लागू किया जाएगा, जो पूरे हिन्दुस्तान के लिए एक मॉडल के रूप में काम करेगा.

वहीं, उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति लागू कर दी और खेल नीति भी बनाई गई है. नकल विरोधी कानून बनाया गया है. मानसखंड कॉरिडोर नाम से प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत कुमाऊं के प्रमुख मंदिरों को बेहतर सड़कों से कनेक्ट किया जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने एक वर्ष के कालखंड के कई पड़ाव पूरे किए हैं, जिसके तहत प्रदेश की समस्या और चुनौतियों का हल और समाधान करने का काम किया है. सरकार का लक्ष्य स्पष्ट और नियत साफ है. प्रदेश और जनता का हित सर्वोपरि है, किसी वर्ग का अहित न हो इसका संकल्प लिया है.

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *