• June 28, 2026

नांदेड़ के पेठकर परिवार की अनोखी पहल: शादी में 3500 लोगों का बीमा, पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में की तारीफ

नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के एक परिवार ने अपनी शादी को सामाजिक सेवा का उदाहरण बनाते हुए अनोखी पहल की है। कंधार तालुका के बहादरपुरा गांव के सिद्धेश्वर पेठकर परिवार ने अपने बेटे की शादी में करीब 3,500 ग्रामीणों का बीमा कराया, जिसकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सराहना की। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के 135वें एपिसोड में इस पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कदम समाज के लिए प्रेरणादायक है और इससे लोगों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।

शादी में सामाजिक सरोकार की अनोखी मिसाल

आमतौर पर जहां शादियों में भव्य आयोजन और खर्चे होते हैं, वहीं पेठकर परिवार ने इस अवसर को ग्रामीणों की भलाई से जोड़ दिया। परिवार ने गांव के लगभग सभी निवासियों—जिनमें किसान और मजदूर शामिल हैं—का बीमा कराने का निर्णय लिया। जानकारी के अनुसार, गांव के लोगों के लिए लगभग 1 लाख रुपये तक का बीमा कवर सुनिश्चित किया गया है। इस योजना का लाभ गांव की वोटर लिस्ट में शामिल सभी लोगों को दिया गया है।

ग्रामीणों को राहत देने की पहल

बहादरपुरा गांव में लगभग 3,600 लोग रहते हैं, जिनमें से अधिकतर खेती और मजदूरी पर निर्भर हैं। यहां सर्पदंश, जंगली जानवरों के हमले और सड़क हादसों जैसी घटनाओं के कारण कई बार आर्थिक संकट की स्थिति बन जाती है। ऐसे में यह बीमा ग्रामीणों के लिए सुरक्षा कवच की तरह देखा जा रहा है। परिवार के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में ग्रामीणों को आर्थिक मदद मिल सके और इलाज में बाधा न आए।

पहले भी कर चुके हैं सामाजिक कार्य

दूल्हे के बड़े भाई अनूप पेठकर ने बताया कि उनका परिवार पहले भी सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहा है। इससे पहले गांव में हेलमेट और इंश्योरेंस कैंप आयोजित कर एक ही दिन में लगभग 900 लोगों का बीमा कराया गया था।दूल्हे सिद्धेश्वर पेठकर ने कहा कि यह विचार गांव में लोगों की आर्थिक कठिनाइयों को देखकर आया था, और शादी जैसे मौके को समाज की भलाई से जोड़ने का निर्णय लिया गया। प्रधानमंत्री की सराहना के बाद यह परिवार और भी चर्चा में आ गया है, और उनकी यह पहल सामाजिक रूप से एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में देखी जा रही है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *