मुंबई मुहर्रम जुलूस में बड़ी साजिश नाकाम: जहरीली कैप्सूल बांटने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार
मुंबई: मुंबई में मुहर्रम जुलूस के दौरान एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है, जिसे पुलिस की तत्परता से समय रहते नाकाम कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी फैयाज निसार हुसैन प्रेमजी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में जहरीला पदार्थ बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जुलूस के दौरान “नेक काम” और “विटामिन” के नाम पर लोगों को संदिग्ध कैप्सूल बांट रहा था। बाद में जांच में सामने आया कि इन कैप्सूलों में जिंक फॉस्फाइड जैसे अत्यंत जहरीले रसायन का इस्तेमाल किया गया था, जो आमतौर पर चूहा मारने के जहर के रूप में जाना जाता है।
जुलूस के दौरान कई लोगों की तबीयत बिगड़ी
मुहर्रम जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने इन कैप्सूलों के सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने की शिकायत की। पीड़ितों ने बताया कि उन्हें यह कैप्सूल “विटामिन” बताकर दिया गया था। कुछ मामलों में यह भी सामने आया कि एक महिला ने अनजाने में अपने बच्चों को भी यह कैप्सूल दे दिया था, जिसके बाद उनकी तबीयत खराब हो गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और इसी आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
15 दिन से चल रही थी सुनियोजित साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरी योजना करीब 15 दिनों से तैयार की जा रही थी। आरोपी ने डोंगरी इलाके में किराए पर एक कमरा लेकर वहां अपना ठिकाना बनाया था। इसी स्थान से वह ऑनलाइन माध्यम से भारी मात्रा में जिंक फॉस्फाइड और हजारों खाली कैप्सूल मंगवा रहा था। जांच के अनुसार, आरोपी इन कैप्सूलों में जहरीला पदार्थ भरकर जुलूस में वितरित करने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसके कमरे से लगभग 15,000 तैयार जहरीले कैप्सूल और बड़ी मात्रा में कच्चा जहर बरामद किया है।
पुलिस ने बड़ी वारदात को टलने का दावा किया
पुलिस सूत्रों का दावा है कि आरोपी का लक्ष्य हजारों लोगों तक यह जहरीले कैप्सूल पहुंचाने का था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वह इन कैप्सूलों को “सेवा कार्य” के नाम पर लोगों में बांट रहा था, ताकि किसी को शक न हो। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि इस साजिश में कोई और शामिल था या नहीं। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी घटना टल गई, अन्यथा इसके गंभीर परिणाम हो सकते थे।