• June 7, 2026

कड़कड़डूमा कोर्ट के स्कैनिंग रूम में भीषण आग, टला बड़ा हादसा

नई दिल्ली। दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में रविवार सुबह आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। आग कोर्ट परिसर के गेट नंबर 4 के पास दूसरी मंजिल पर स्थित स्कैनिंग रूम में लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, सुबह करीब 5:22 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। आग इतनी तेज थी कि स्कैनिंग रूम में रखे लैपटॉप, कंप्यूटर और अन्य उपकरण पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग पास स्थित रिकॉर्ड रूम तक नहीं पहुंची, जिससे कोर्ट के महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित बच गए।

घटना रविवार की छुट्टी के दिन हुई, जिसके चलते कोर्ट परिसर में लोगों की मौजूदगी नहीं थी। इसी वजह से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।

वकील राजेंद्र पाल ने बताया कि आग सेकंड फ्लोर पर लगी थी, जिसमें पुराने रिकॉर्ड और कंप्यूटर सिस्टम भी नुकसानग्रस्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे होटल में भी भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *